Ayodhya Ram Mandir Pran Pratishtha CM Yogi: अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान पूरा हो चुका है। मंदिर के गर्भगृह में मंत्रोच्चार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूजा-अर्चना की। इस दौरान पीएम मोदी के साथ यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल संघ प्रमुख मोहन भागवत मौजूद रहें। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में बिजनेसमैन, खेल जगत, बॉलीवुड की मशहूर हस्तियां समेत साधु संत पहुंचे।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में सभी देशवासियों को बधाई दी और कहा कि इस दिन के इंतजार में कई सदी बीत गई। मैं आज बेहद भावुक हूं और मेरे पास प्राण प्रतिष्ठा को लेकर कोई शब्द नहीं है। 500 सालों में बहुसंख्यक समाज ने बड़ा योगदान दिया और संघर्ष किया है। आज पूरा राष्ट्र राममय हो चुका है।
उन्होंने कहा कि रामलला की अलौकिक छवि है। मंदिर वहीं बना है, जहां संकल्प लिया गया था। देश के बहुसंख्यक समाज ने राम मंदिर में बहुत बड़ा योगदान दिया है। आज दिन ऐतिहासिक है यह कोई सामान्य दिन नहीं है। पूरे राष्ट्र राममय हो जाना चाहिए और अपने आराध्य देव प्रभु श्रीराम के नाम दीपक जलाना चाहिए।
बता दें कि, प्राण प्रतिष्ठा की विधि दोपहर 12:20 बजे से शुरू हुई। मुख्य पूजा अभिजीत मुहूर्त में संपन्न हुई यह मुहूर्त काशी के विद्वान गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ ने निकाला था। यह कार्यक्रम पौष माह के द्वादशी तिथि 22 जनवरी 2024 को अभिजीत मुहूर्त, इंद्र योग, मृगशिरा नक्षत्र, मेष लग्न एवं वृश्चिक नवांश में संपन्न हुआ।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद पीएम मोदी ने रामलला की आरती की और इस दौरान गर्भगृह में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, संघ प्रमुख मोहन भागवत समेत प्रमुख साधु संत नजर आए। 84 सेकेंड के अद्भुत योग में बीच रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गई। प्राण प्रतिष्ठा के लिए पीएम मोदी ने 11 दिनों तक उपवास रखा और अलग-अलग मंदिरों में जाकर पूजा अर्चना की। इस दौरान पीएम ने अन्न का त्याग किया।