IPL 2024 Rishab Pant: आईपीएल मिनी ऑक्शन के बीच दिल्ली कैपिटल्स को लेकर बड़ी ख़बर सामने आई है। दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत आईपीएल 2024 संस्करण में टीम की कमान संभालते हुए नजर आएंगे। वह आईपीएल की नीलामी के लिए आज दुबई पहुंचे थे। नीलामी को लेकर पंत ने कोच रिकी पोंटिंग के साथ बैठक भी की है।
बता दें कि, बीते नए साल की पूर्व संध्या पर पंत की कार का एक्सीडेंट हो गया था। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद वह किसी क्रिकेट टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं रहे। वह लगातार नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) में रिहैब कर रहे थे। ऐसे में पहली बार वो अब किसी बड़े क्रिकेट के मंच पर नजर आए।
दिल्ली की फिर कमान संभालेंगे पंत
क्रिकबज की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि पंत अगले साल आईपीएल 2024 में भाग लेंगे और टीम का नेतृत्व भी करेंगे। फरवरी के अंत तक पंत की पूरी तरह फिट होने की उम्मीद है। वह लगातार फिटनेस को लेकर मेहनत कर रहे हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि मार्च के अंत तक आईपीएल शुरू हो जाएगा।
बीते सीजन 2023 में आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन कोई खास नहीं रहा था। डेविड वार्नर के अलावा कोई बल्लेबाज विश्वास पर खरा नहीं उतरा था। टीम आखिरी चार में भी शामिल नहीं हो सकी थी। पंत की गैरमौजूदगी में डेविड वार्नर ने टीम की कमान संभाली थी।
25 साल के पंत आईपीएल की लाइव नीलामी में एक्टिवली हिस्सा लेने वाले पहले मौजूदा कप्तान बन गए हैं। ऑक्शन के दौरान ऋषभ पंत, सौरव गांगुली और रिकी पोंटिंग संग आईपीएल की ऑक्शन टेबल पर नजर आए। इसके बाद आगामी सीजन के लिए बैठक में मंथन किया।
पंत का करियर
ऋषभ पंत के आईपीएल में प्रदर्शन की बात की जाए तो उन्होंने 98 मैच खेले हैं। जिसमें उन्होंने 2838 रन बनाए हैं। 33 टेस्ट मैचों में 2271 रन बनाए हैं। 30 वनडे में उनके बल्ले से 865 रन निकले हैं। टी-20 इंटरेशनल के 66 मैचों में 987 रन बनाए हैं।