Sanjay Raut: शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत के खिलाफ पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज हुई है। महाराष्ट्र के यवतमाल में पुलिस ने संजय राउत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिवसेना पार्टी के मुखपत्र में पीएम मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक लेख लिखा गया है।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि बीजेपी के यवतमाल के संयोजक नितिन भुटाडा ने सामना अखबार के कार्यकारी संपादक संजय राउत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, भुटाडा ने दावा किया कि संजय राउत ने 10 दिसंबर को पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक लेख लिखा था।
आगे पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने और अन्य अपराधों के लिए उमरखेड पुलिस थाने में संजय राउत के खिलाफ आईपीसी की धारा 153 (ए), 505 (2) और 124 (ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, हाल ही में बीजेपी ने तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। जिसके बाद सामना में लेख छपा था। इसमे बीजेपी की जीत का विश्लेषण करते हुए समाचार पत्र दैनिक सामना दिनांक 10/12/2023 में रोख-ठोक शीर्षक के तहत प्रकाशित लेख में लिखा है कि अगर कांग्रेस मध्य प्रदेश, राजस्थान में जीतती, तो पीएम मोदी 2024 के चुनाव से पहले कुछ बड़ा करते।
सामान में छपा यह लेख किसी आपराधिक या साजिश को ओर इशारा कर रहा था। जिसके बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इसको लेकर आक्रोश जताया। पास के पुलिस स्टेशन में सामना संपादक संजय राउत के खिलाफ मामला दर्ज कराया।