Telangana Chunav 2023: तेलंगाना विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार जोरों पर हैं। शुक्रवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया और महिलाओं के लिए एक गारंटी का एलान किया। इस दौरान कांग्रेस नेता ने महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए दिए जाने की गांरटी दी।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना में बेरोजगारी चरम पर है। प्रदेश के युवा शिक्षित हैं, मेहनत करते हैं लेकिन जब रोजगार के लिए परीक्षा देने जाते हैं तो कमजोर सिस्टम की वजह से पेपर लीक हो जाता है। आज प्रदेश का शिक्षित युवा बेरोजगार है।
बता दें कि, शुक्रवार को प्रियंका गांधी ने पालाकुर्थी में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने तेलंगाना सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि प्रदेश में शिक्षित युवा नौकरी ना मिलने की वजह से आत्महत्या कर रहे हैं। कांग्रेस की जिन-जिन प्रदेशों में सरकारें हैं वहां हमने रोजगार दिलाने का काम किया है।
महिलाओं को मिलेंगे 2500 रुपए महीना
कांग्रेस महासचिव ने आगे कहा कि राजस्थान में 2 लाख से ज्यादा रोजगार दिए गए हैं और छत्तीसगढ़ में ग्रामीण रोजगार को बढ़ाया गया है। इसी तरह तेलंगाना के लिए हमारा एक विजन है। हम यहां पेपर लीक की समस्या को रोकने के लिए जॉब कैलेंडर निकालेंगे, जिसमें परीक्षा के समय से जुड़ी सारी जानकारियां होंगी।
आगे उन्होंने महिलाओं को गारंटी दी कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद महिलाओं के खाते में हर महीने 2500 रुपए दिए जाएंगे। रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपए में मिलेगा और महिलाओं को फ्री बस सुविधा मिलेगी।
किसानों का कर्ज होगा माफ- प्रियंका गांधी
इसके अलावा कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने किसानों के लिए घोषणा करते हुए कहा कि किसानों का 2 लाख रुपए तक का कर्ज माफ किया जाएगा। किसानों को हर साल 15 हजार रुपए मिलेंगे, कृषि मजदूरों को हर साल 12 हजार रुपए धान पर 500 रुपए/क्विंटल का बोनस मिलेगा। साथ ही साथ MSP पर फसलों को खरीदा जाएगा।