Chhattishgarh Chunav 2023: छत्तीसगढ़ में पहले चरण का मतदान 7 नवंबर को पूरा हो चुका है। अब प्रदेश में 17 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान होना है। इसको लेकर चुनावी प्रचार जोरों पर हैं। बुधवार को कांग्रेस सांसद और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अम्बिकापुर के सरगुजा में चुनावी हुंकार भरी…चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पेन निकालकर लिख लीजिए प्रदेश के एक-एक किसान का कर्जा माफ होगा।
कांग्रेस ने हर वादा किया पूरा- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि हमने साल 2018 के घोषणा पत्र में जो वादे किए थे उन्हें एक-एक करके पूरा किया है। अब साल 2023 के मेनिफेस्टो में जो वादे किए हैं उन्हें पेन निकालकर लिख लीजिए…एक-एक वादों को पूरा किया जाएगा। कांग्रेस शासन में आप छत्तीसगढ़ का विकास देखिए। अब तक बीती सरकारों ने कभी इतना विकास नहीं किया है।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि छत्तीसगढ़ से मेरा पुराना रिश्ता है। मैंने आपसे दो-तीन वादे किए थे। हमने कहा था कि हमारी सरकार आएगी तो दो-तीन काम पक्के तौर पर होंगे। सबसे बड़ा काम किसानों का कर्जा माफ, वह कोई छोटी बात नहीं थी। उस समय बीजेपी के सभी नेताओं ने कहा था कि कांग्रेस पार्टी सच नहीं बोल रही है।
हमने यह कहा था कि 2500 रुपए प्रति क्विटंल धान के लिए मिलेगा। बीजेपी के नेताओं ने कहा था कि ऐसा नहीं किया जा सकता। जो हमने वादे किए थे, वे पूरे हुए? कोई यह कह सकता है कि किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ या धान के लिए 2500 रुपए नहीं मिले। कोई नहीं कह सकता है।
पीएम मोदी पर किया कटाक्ष
इस दौरान राहुल गांधी ने पीएम मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि पीएम ने हर एक बैंक खाते में 15 लाख रुपए डालने की बात कही थी। प्रधानमंत्री ने कहा था कि नोटबंदी से कालाधन मि़ट जाएगा। आगे भाषा के मुद्दे पर राहुल गांधी ने कहा कि ”बीजेपी चाहती है कि लोग सिर्फ हिंदी में बोलें, बच्चे इंग्लिश स्कूल में पढ़ाई न करें। वे कहते हैं कि यूपी और बिहार में रहना तो हिंदी बोलिए। मोदी जी जातीय जनगणना कराना नहीं चाहते।