Chhattishgarh Chunav 2023: छत्तीसगढ़ के चुनाव प्रचार में बीजेपी के स्टार प्रचारक और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कांग्रेस पर जमकर बरसे। सोमवार को जशपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश का विकास तब-तब हुआ जब बीजेपी की सरकार रही। जनता के साथ तब-तब परेशानी आई जब कांग्रेस की सरकार रही।
उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशियों को निशाने पर लेते हुए कहा कि बीते 5 सालों में कोई विकास की नई ईंट लगाई है क्या? अगर कहीं विकास हुआ है तो बताएं। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने लोगों के हितों की रक्षा की है। बीजेपी शासन में प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया गया था। कांग्रेस की सरकार आने के बाद में अपराध और भ्रष्टाचार हुआ है।
5 सालों में केवल घोटाले हुए- जेपी नड्डा
कांग्रेस का मतलब लूट, भ्रष्टाचार, अत्याचार, धोखा, अनाचार, विनाशकारी नीति और परिवारवाद है। कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। बीजेपी का मतलब लोगों के हितों की रक्षा करना हर वर्ग का समान विकास करना और सभी के विश्वास पर खरा उतरना है। बीते 5 सालों में छत्तीसगढ़ में केवल घोटाले हुए हैं।
बीजेपी प्रचारक नड्डा ने सीएम भूपेश बघेल पर हमला बोलते हुए कहा कि गौठान घोटाले के रूप में गोबर का भी घोटाला कर दिया। इन्होंने तो महादेव को भी नहीं छोड़ा। सत्ता में आने के लिए सट्टे का घोटाला भी कर दिया, जो 508 करोड़ रुपए का है। घोटाले का सारा पैसा दिल्ली दरबार में जाता है।
कांग्रेस ने दिया धोखा- जेपी नड्डा
कांग्रेस ने अपने पिछले चुनावी पत्र में बिजली का बिल माफ करने को कहा था। बेरोजगारों को रोजगार देने का वादा किया था लेकिन कांग्रेस ने एक वादा भी पूरा नहीं किया। बीजेपी शासन में प्रदेश ही नहीं बल्कि देश भी तरक्की कर रहा है। केन्द्र में बीजेपी ने पूरी दुनिया में भारत का डंका बजाने का काम किया है।