MSP Increase: दिवाली से पहले केन्द्र सरकार ने किसानों को बड़ी राहत दी है। केन्द्र सरकार ने रबी की 6 फसलों की एमएसपी को बढ़ाया है। बुधवार को पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस पर मुहर लगाई गई। केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि इसके अलावा केन्द्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता और पेंशनरों की महंगाई राहत को बढ़ाया गया है।
6 फसलों की बढ़ाई गई एमएसपी
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि तिलहन और सरसों में MSP में 200 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। गेहूं के लिए 150 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। चने के लिए 105 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने आगे कहा कि रेलवे विभाग के नॉन गजेटेड रेलवे कर्मियों के लिए 78 दिन की सैलरी के बराबर बोनस त्योहारों के अवसर पर दिया जाएगा।
नवीकरणीय ऊर्जा विकसित करने की नीति तैयार
इसके अलावा उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने 13 गिगावॉट की नवीकरणीय ऊर्जा विकसित करने की नीति बनाई है। नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़े सौर प्लांट के संचरण के लिए लाइन होनी बहुत आवश्यक है।
5 गिगावॉट की क्षमता वाली लाइन को लद्दाख से मुख्य ग्रेड तक लाने के लिए मंजूरी दी गई है, जिसकी अनुमोदित लागत 20,773 करोड़ रुपए है। ये लाइन लद्दाख से हरियाणा के कैथल तक आएगी। इस परियोजना की कुल लागत का 40 फीसदी केंद्रीय अनुदान से उपलब्ध कराया जाएगा और बाकी 60 फीसदी की व्यवस्था पावर ग्रेड करेगा।