Delhi Liquor Scam: दिल्ली शराब घोटाले में आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह(Sanjay Singh)प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रिमांड पर है। गुरुवार को ईडी ने संजय सिंह को राउज एवेन्यू कोर्ट (Rouse Avenue Court) में पेश किया था और 10 दिनों की रिमांड मांगी थी। लेकिन कोर्ट ने सांसद को 5 दिनों की रिमांड पर भेज दिया था।
सांसद के करीबियों पर शिकंजा
अब शराब घोटाले में सांसद के दो करीबियों सर्वेश मिश्रा और विवेक त्यागी को ईडी(ED)ने समन जारी किया है। कुछ समय पहले ईडी ने दोनों के आवास पर छापेमारी की थी। संजय सिंह की रिमांड मांगते समय प्रवर्तन निदेशालय ने सर्वेश मिश्रा के नाम का जिक्र किया था।
संजय सिंह के सामने होगी पूछताछ
अब शराब घोटाले (Liquor Scam) में ईडी सर्वेश मिश्रा और विवेक त्यागी को संजय सिंह के सामने बैठाकर पूछताछ कर सकती है। ईडी सूत्रों के मुताबिक, सर्वेश को संजय सिंह के कहने पर एक करोड़ रुपए मिले थे। जानकारी सामने आने के बाद वह ईडी की रडार पर थे। पहले ईडी छापेमारी कर चुकी है।
गुरुवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने ईडी से पूछा था कि जब संजय सिंह के खिलाफ आपके पास पुख्ता सबूत थे, तो फिर गिरफ्तारी में इतना वक़्त क्यों लगाया? पैसों के जिस लेनदेन की बात आप (ED) कर रहे हैं, तो मामला तो काफी पुराना है, फिर गिरफ्तारी में इतनी देरी क्यों? इसके बाद जब ईडी ने संजय सिंह की 10 दिन की कस्टडी मांगी तो कोर्ट ने ईडी से पूछा कि संजय सिंह का फोन आपके पास जब्त है, तो कस्टडी क्यों चाहिए?