Delhi Sanjay Singh Arrest: आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद और सीनियर नेता संजय सिंह को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली शराब घोटाले में करीब 11 घंटों की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। प्रवर्तन निदेशालय आप सांसद को रिमांड पर लेने के लिए आज राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश करेगी।
अब तक 14 गिरफ्तार
दिल्ली शराब घोटाले में अब तक संजय सिंह समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। संजय सिंह दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के नजदीकी है। सांसद की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी के लिए चुनौती बढ़ गई है। आप नेता की गिरफ्तारी से नाराज कार्यकर्ता जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं।
कोर्ट के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
दिल्ली पुलिस ने राजधानी स्थित राउज एवेन्यू कोर्ट के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है क्योंकि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को आज ईडी द्वारा अदालत में पेश किया जाएगा। उधर, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के चलते बीजेपी मुख्यालय पर भी सुरक्षा पुख्ता की गई है। ईडी ने बुधवार शाम को दिल्ली शराब घोटाला मामले में आप नेता को गिरफ्तार किया था।
बता दें कि, सुबह से ही आप मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग रहा है। लगातार भीड़ बढ़ती जा रही है। आप कार्यकर्ता जगह-जगह राजधानी में गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। कई जगहों पर आप कार्यकर्ता सुरक्षा कर्मियों से भिड़ गए। बाद में हल्का बल प्रयोग करके कार्यकर्ताओं को तितर-बितर किया।