Haryana Sonali Phogat Murder: हरियाणा बीजेपी नेता सोनाली फोगाट मामले में बड़ी जानकारी सामने आई है कि बुधवार को केन्द्रीय जांच अन्वेषण (सीबीआई) टीम हिसार स्थित सोनाली के आवास पहुंची। सीबीआई घर से कुछ सामान लेकर चली गई। जिसके बाद सोनाली के परिवार ने सीबीआई पर आरोप लगाए हैं।
सीबीआई पर लगाए आरोप
इस पर सोनाली की बहन रुकेश पूनिया और उसके जीजा अमन पूनिया ने आरोप लगाया है कि सीबीआई परिवार से जानकारी छिपा रही है और परिवार की गैरमौजूदगी में सीबीआई कैसे लॉकर खोलकर सामान ले जा सकती है। हम सीबीआई से पहले भी कई बार जानकारी देने के लिए अनुरोध कर चुके हैं लेकिन हमसे जानकारी छिपाई जा रही है।
सोनाली के लॉकर से निकाला सामान
सोनाली की बहन रुकेश का कहना है कि पिछले सप्ताह CBI ने सोनाली फोगाट के लॉकर खोले हैं। उन्हें इस बारे में मंगलवार शाम को जानकारी मिली। इस लॉकर को गोवा पुलिस ने अपनी जांच प्रक्रिया के समय सील किया था। जीजा अमन पूनिया का कहना है कि इस मामले में वह मुख्य गवाह हैं। उनके बयान पर ही केस दर्ज किया गया था। सीबीआई टीम हमें सहयोग नहीं कर रही। हमसे केस की डिटेल छिपाई जा रही हैं।
बता दें कि, सोनाली का परिवार हिसार से बाहर था। बावजूद इसके उन्होंने सीबीआई से कई बार अनुरोध किया था कि उनकी मौजूदगी में लॉकर को खोला जाए। सोनाली की बहन का आरोप है कि सीबीआई उनसे कुछ जरूर छिपा रही है। हमारी गैरमौजूदगी में नौकर के सामने लॉकर खोलना संदेह पैदा कर रहा है। हमें मंगलवार शाम को पता चलता है कि सीबीआई आई और लॉकर खोलकर सामान ले गई। सीबीआई बीते कुछ समय से हमसे दूरी बना रही है।