ICC WC 2023 Aston Agar: वनडे विश्वकप 2023 का आगाज 5 अक्टूबर को होने जा रहा है। सभी टीमें अपनी अंतिम तैयारियों को परवान चढ़ा रही है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के लिए बुरी ख़बर सामने आई हैं। टीम के ऑफ स्पिनर एश्टन एगर विश्वकप से बाहर हो गए हैं। द डेली टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, एश्टन एगर पिंडली की चोट से उबर नहीं पाए हैं, जिसकी वजह से वो भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में नहीं खेल सके।
चोटिल है एश्टन एगर
एश्टन एगर पिंडली की चोट की वजह से विश्वकप से बाहर हुए हैं। फिलहाल ऑस्ट्रेलिया के पास प्रमुख स्पिनर एडम जांपा है। ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भी एगर टीम में शामिल नहीं हुए थे। एगर को पिंडली में दर्द की शिकायत थी जिसके बाद उन्होंने दौरे से अपना नाम वापस ले लिया था।
हालांकि, अभी भी ऑस्ट्रेलिया के स्क्वॉड में स्पिनर एगर का नाम शामिल है। उम्मीद जताई जा रही है कि वह वार्म अप मैचों में वापसी कर सकते हैं। लेकिन अभी इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम ट्रेविड हेड और नाथन एलिस की चोटों को लेकर परेशान चल रही है। ऑस्ट्रेलिया टीम में प्रमुख स्पिनर के अलावा ग्लेन मैक्सवेल और स्टीव स्मिथ मौजूद हैं जो जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी करते हैं।
ऑस्ट्रेलिया के पास कई विकल्प मौजूद
फिलहाल, एश्टन एगर के विकल्प के रूप में मार्नस लाबुसेन और सांघा मौजूद है। भारत के खिलाफ हुए आखिरी वनडे मैच में सांघा को खिलाया गया था और उन्होंने ऑलराउंडर रवीन्द्र जडेजा का विकेट भी लिया था। एगर के विकल्प की घोषणा ऑस्ट्रेलियाई टीम कब करेगी यह देखने वाली बात होगी।