NIA Raid:खालिस्तानी आतंकी और गैंगस्टर्स को लेकर राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने हरियाणा, पंजाब समेत 6 राज्यों में करीब 50 ठिकानों पर छापेमारी की। हरियाणा में एनआईए की 4 जगहों पर छापेमारी हुई। सिरसा, फतेहाबाद, सोनीपत, रोहतक में गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के घर सहित अन्य जगह पर एजेंसी की छापेमारी की सूचना है।
एनआईए की छापेमारी जारी
सिरसा के भीमा गांव में NIA की रेड हुई। ये गांव पंजाब बॉर्डर से सटा हुआ है। बताया जा रहा है कि जिसके घर रेड की गई, वो बाउंसर है और विदेशों के नंबरों पर लगातार बातचीत करता था। फतेहाबाद में गांव भड़ोलांवाली में छापेमारी की गई। ये गांव भी पंजाब बॉर्डर से सटा हुआ है।
एनआईए की टीम को शक है कि हरजीत सिंह हथियार तस्कर से जुड़ा हुआ हो सकता है। करीब 6 घंटे पूछताछ के बाद टीम वहां से चली गई। साथ ही हरजीत सिंह को 9 अक्टूबर को दिल्ली कार्यालय में तलब किया है। NIA की ये कार्रवाई खालिस्तानी आतंकी, ड्रग्स डीलर्स और गैंगस्टर्स के गठजोड़ को तोड़ने के लिए की जा रही है।
हिमांशु के घर हुई छापेमारी
बता दें कि NIA की टीम बुधवार सुबह रोहतक के गांव रिटौली पहुंची और मोस्ट वांटेड हिमांशु उर्फ भाऊ और उसके साथी साहिल के ठिकानों पर छापेमारी की। एनआईए की टीम दोनों के घर सर्च अभियान चला रही है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, हिमांशु उर्फ भाऊ रोहतक जिले के गांव रिटौली का रहने वाला है। वह साल 2020 से फरार चल रहा है।
हिमांशु के खिलाफ रोहतक में हत्या, हत्या का प्रयास, धोखाधड़ी, अवैध हथियार, लूट, रंगदारी मांगने के 10 केस दर्ज हैं। इसके अलावा झज्जर में 7 और दिल्ली में एक अन्य आपराधिक केस में वांछित है। भाऊ नीरज बवाना और नवीन बाली गैंग से संबंध रखता है। उसने फर्जी नाम, पता, जाली कागजातों का प्रयोग कर धोखाधड़ी से पासपोर्ट बनवाया था।