चंडीगढ़: अभी हाल ही में बीजेपी सांसद बिधूड़ी द्वारा बीएसपी सांसद दानिश अली के खिलाफ दिए गए अपमानजनक शब्दों से सियासी भूचाल आया था। इस मामले में दानिस अली ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र भी लिखा है जिसमें उन्होंने मामले को विशेषाधिकार समिति को भेजने का अनुरोध किया है। वहीं अब कांग्रेस नेता द्वारा पीएम मोदी और हरियाणा के सीएम मनोहर लाल पर दिए आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद सियासी भूचाल आया है।
दरअसल, हरियाणा कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष उदय भान का ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री मनोहर लाल की निजी जिंदगी पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने अपनी पत्नी की जिंदगी बर्बाद कर दी है और दूसरे (खट्टर) को यह नहीं पता कि घर-गृहस्थी क्या होती है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री को विधुर (रंडवा) भी कहा।
कांग्रेस नेता उदय भान के इस बयान के बाद भाजपा कांग्रेस पर हमलावर हो गई है। राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह नीचता की हद है। त्रिवेदी के अलावा भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी इसको लेकर कांग्रेस की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि, क्या कांग्रेस उन्हें बर्खास्त करेगी? क्या यह मुहब्बत की दुकान है? नहीं, यह कांग्रेस की गाली-गलौच का सामान है।
बता दें कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान की टिप्पणी पर आक्रोशित भाजपा द्वारा आज उनके ग्रह क्षेत्र होडल में शांति मार्च निकाला जा रहा है, जिसकी अगुवाई तीनों भाजपा विधायक कर रहे हैं। इस मार्च में रघुपति राघव राजा राम उदयभान को सदबुद्धि दे भगवान का स्लोगन बोला जा रहा है।