Haryana Jansamvaad: हरियाणा में बीजेपी ने आगामी चुनावों को लेकर कमर कस ली है। चुनावी तैयारियों को परवान चढ़ाने के लिए सांसदों की एक टीम को मैदान में उतारने का फैसला लिया है। बीजेपी सांसद सभी हलकों में जाकर लोगों की समस्याओं को सुनेंगे और साथ ही जनता का फीडबैक लेंगे। प्रदेश में सीएम मनोहर लाल के अलावा सभी कैबिनेट मंत्री हलकों में जा जाकर लोगों की समस्याओं का निदार कर रहे हैं और फिल्ड का रियलटी चेक कर रहे हैं।
दो चरणों में पूरा होगा कार्यक्रम
बीजेपी सांसद दो चरणों में अपने लोकसभा क्षेत्रों को कवर करेंगे। पहले चरण में अपने संसदीय क्षेत्र के पांच हलकों के पांच-पांच गांवों को कवर करेंगे। इसके बाद दूसरे चरण में बाकी के चार हलकों को कवर किया जाएगा। बीजेपी की इस कवायद को आगामी लोकसभा चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है।
धर्मबीर सिंह ने जारी किया कार्यक्रम
जनसंवाद कार्यक्रम की शुरूआत सबसे पहले भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद धर्मबीर सिंह करेंगे। उन्होंने पांच विधानसभा हलकों के कार्यक्रम जारी कर दिए हैं। धर्मबीर सिंह 25 सितंबर को अटेली हलके के पांच गांवों से जनसंवाद की शुरूआत करेंगे। इसके बाद 27 को नारनौल, 29 को महेंद्रगढ़, तीन अक्टूबर को भिवानी और पांच अक्टूबर को बाढ़डा हलके के पांच गांवों के लोगों से रूबरू होंगे।
बीजेपी सांसद धर्मबीर सिंह ने पहले पांच विधानसभा क्षेत्रों में से तीन अहीर बाहुल्य और दो जाट बाहुल्य हलकों को चुना है। चरखी दादरी, तोशाम, लोहारू और नांगल-चौधरी हलके को वे दूसरे चरण में कवर करेंगे। सिरसा सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि वे जल्द ही अपना शेड्यूल जारी करेंगी। सांसदों के इस जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान प्रोटोकाल का पालन करना होगा। यानी जिलों के सभी अधिकारियों को सांसदों के साथ कार्यक्रम में मौजूद रहना होगा।