Haryana CM Manohar Lal: हरियाणा के सीएम मनोहर लाल का जनसंवाद कार्यक्रम फिर से शुरू होगा। जनसंवाद कार्यक्रम को लेकर सीएम ने प्रशासनिक सचिवों के साथ अहम बैठक की। सीएम का कहना है कि जनसंवाद कार्यक्रम एक फ्लैगशिप कार्यक्रम है और सभी अधिकारियों को जनता की समस्या को गंभीरता से लेना चाहिए। जनता की समस्या का समाधान करना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
सीएम ने प्रशासनिक सचिवों के साथ जनसंवाद पोर्टल के संबंध में बैठक करते हुए कहा कि वह लोगों की जनसंवाद में की गई शिकायतों का फीडबैक ले रहे हैं। किसी भी शिकायत का गलत समाधान नहीं होना चाहिए। हमारी जिम्मेदारी जनमानस की शिकायतों और मांगों को संतुष्टि के साथ निवारण करना है।
आगे प्रदेश के मुखिया का कहना है कि सरकार का काम नीति निर्माण करना है, लेकिन उसे लागू करने की जिम्मेवारी अधिकारियों की है, इसलिए अधिकारी सुनिश्चित करें कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंच रहा है या नहीं या लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कोई समस्या आ रही है या नहीं।
बता दे कि शिकायत पोर्टल पर अब तक 21 हजार शिकायतें दर्ज है। जिनमें से 14,543 शिकायतें अधिकारियों के पास निस्तारण के लिए हैं। 10,763 शिकायतों पर अधिकारी काम कर रहे हैं जल्द ही इन समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा। 2245 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि जनता को राहत देने के लिए अगर कानून में बदलाव करना पड़े, कोर्ट में पैरवी करनी पड़े या कानून में संशोधन करना पड़े तो हम उसके लिए तैयार है। प्रदेश सरकार की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा और न्याय देने की है। इसके लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।