Moon Mission PM Modi: चंद्रयान-3 की सफलता के बाद पीएम मोदी ने इसरो के कमांड सेंटर में चंद्रयान-3 मिशन के वैज्ञानिकों से मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी भावुक हो गए और कहा कि चंद्रयान की सॉफ्ट लैंडिंग के समय दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में था और उसके बाद ग्रीस के कार्यक्रम में चला गया।
पीएम ने की तीन घोषणाएं
लेकिन मेरा मन पूरी तरह से आप लोगों के साथ लगा हुआ था। भारत वापसी के बाद मैं आप लोगों के दर्शन करना चाहता था और मैं आपकी जीवटता, लगन, परिश्रम और धैर्य को सैल्यूट करता हूं। इस दौरान पीएम ने इसको के कमांड सेंटर में तीन बड़ी घोषणाएं की हैं।
पीएम का कहना है कि अब भारत 23 अगस्त को हर साल नेशनल स्पेस डे मनाएगा। दूसरे चांद पर लैंडर जिस जगह उतरा है वह शिवशक्ति पॉइंट कहलाएगा। तीसरी चांद पर चंद्रयान-2 के जहां पद चिन्ह हैं उस जगह का नाम तिरंगा होगा।
इसरो कमांड सेंटर पहुंचे पीएम
बता दें कि शनिवार सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर पीएम मोदी बेंगलुरु के इसरो कमांड सेंटर पहुंचे। इसरो चीफ एस सोमनाथ ने PM मोदी को गुलदस्ता देकर स्वागत किया। PM ने सोमनाथ को गले लगाया और पीठ थपथपाई। उन्हें चंद्रयान 3 मिशन के सफल होने पर बधाई दी। इस दौरान उन्होंने टीम के सभी वैज्ञानिकों के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई।
अंतरिक्ष में भारत के सामर्थ्य का शंखनाद
पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों से बातचीत करते हुए कहा कि आप देश को जिस ऊंचाई पर लेकर गए, ये कोई साधारण सफलता नहीं हैं। अनंत अंतरिक्ष में भारत के वैज्ञानिक सामर्थ्य का शंखनाद है। इंडिया इज ऑन द मून, वी हैव अवर नेशनल प्राइड प्लेस्ड ऑन मून। हम वहां पहुंचे जहां कोई नहीं पहुंचा था। हमने वो किया जो पहले कभी किसी ने नहीं किया था। ये आज का भारत है निर्भीक भारत, जुझारू भारत।