Haryana CM Manohar Lal: हरियाणा केसीएम मनोहर लाल ने चंद्रयान-3 की सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि पूरे देश के लिए ये अत्यंत गर्व और हर्षोल्लास का क्षण है। चांद पर तिरंगा वहां भारत की उपस्थिति दर्ज करवा रहा है। सीएम ने इसरो के वैज्ञानिकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह सफलता हमारी ही नहीं समूचे मानव समुदाय की एक और छलांग चांद पर है।
बुधवार शाम को इसरो के चंद्रयान-3 ने सफलतापूर्वक चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर साफ्ट लैंडिंग की है। चंद्रमा मिशन की सफलता से भारत, अमेरिका, चीन और तत्कालीन सोवियत संघ के बाद चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला चौथा देश बन गया है। पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 की सफलता पर इसरो समेत देशवासियों को बधाई दी। इसके साथ ही इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर कहा कि भारत अब चांद के साउथ पोल पर है।
इस सफलता के बाद पीएम मोदी ने कहा कि, जीवन धन्य हो जाता है, जब हम ऐसा इतिहास रचते देखते हैं। ये क्षण अभूतपूर्व है। यह विकसित भारत के शंखनाद का क्षण, भारत के जयघोष का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह क्षण जीत के चंद्रपथ पर चलने का है। 140 करोड़ धड़कनों के सामर्थ्य का क्षण है। पीएम मोदी ने इसरो की इस अभूतपूर्व उपलब्धि का जिक्र करते हुए कहा कि, धरती पर लिया गया संकल्प, चांद पर साकार किया।
इसरो की इस सफलता और देश के लिए इस गर्व के समय पर उन्होंने टीम चंद्रयान, ISRO और सभी वैज्ञानिकों को बधाई दी। साथ ही कहा कि आप लोगों ने वर्षों तक इसके लिए परिश्रम किया। पीएम ने कहा, पहले कहा जाता था कि चंदा मामा दूर के अब कहा जाएगा कि अब चंदा मामा एक टूर के हैं।