Haryana Student Protest: रेवाड़ी के गांव मांढैया में एक स्कूल की छात्राएं धरने पर बैठ गई। छात्राओं की मांग है कि माजरा-श्योराज की प्रिंसिपल को गिरफ्तार किया जाए और उनके स्कूल को अपग्रेड किया जाए। छात्राओं को दूसरे गांव में पढ़ने के लिए जाना होता है। बीते 6 दिनों से वह स्कूल नहीं जा रही है क्योंकि एक सप्ताह पहले 12वीं की एक छात्रा ने क्लासरूम में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी।
छात्राओं ने धरना गांव के प्राइमरी स्कूल के बाहर दिया और ग्रामीणों ने धरने का समर्थन किया। सूचना पर एसडीएम और डीएसपी मौके पर पहुंचे। छात्राओं से बातचीत करते हुए अधिकारियों ने उनकी मांग पूरी करने का आश्वासन दिया। एसडीएम का कहना है कि हमें शिकायत लिखकर दो और हम उसे तत्काल सरकार के पास प्रेषित करेंगे।
दरअसल, गांव श्योराज-माजरा स्थित राजकीय कन्या स्कूल में 11 अगस्त को 12वीं की छात्रा ने कक्षा में आत्महत्या कर ली थी। मृतक छात्रा ने स्कूल के एक टीचर पर आरोप लगाया था। जिसके बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज टीचर को गिरफ्तार कर लिया था। अब छात्राएं स्कूल की प्रिंसिपल को गिरफ्तार करने की मांग कर रही हैं।
बता दें कि, मृतक छात्रा मांढैया की रहने वाली थी। गांव की करीब 50 से ज्यादा छात्राएं श्योराज-माजरा में पढ़ने के लिए जाती है। लेकिन 12वीं की छात्रा की खुदकुशी के बाद वह पढ़ने के लिए नहीं जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच चल रही है। अगर जांच में प्रिंसिपल दोषी पाई जाती है तो उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करके गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही स्कूल संबंधी शिकायत को हम शासन के पास भेज देंगे।