नई दिल्लीःसमाजवादी पार्टी(सपा) से भाजपा में शामिल हुए दारा सिंह चौहान को पार्टी ने उत्तर प्रदेश की घोसी सीट से चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। वहीं, समाजवादी पार्टी ने भी घोसी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पूर्व विधायक सुधाकर सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित कर लड़ाई को दिलचस्प बनाने की पूरी कोशिश की है। दारा सिंह चौहान इस सीट से वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में सपा के टिकट पर लड़े थे और चुनाव में जीत हासिल की थी। हालांकि, एक महीने पहले दारा सिंह चौहान ने सपा का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। ऐसे में यह सीट खाली हो गई थी, जिसके लिए अब चुनाव होना है।
2022 में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को भी दिया था झटका
पिछली योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके दारा सिंह चौहान वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को भी बड़ा झटका दे चुके हैं। दारा सिंह चौहान ने साल 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री के पद से इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया था। 15 जुलाई को उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को उन्होंने अपना इस्तीफा सौंपा था। मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद वह चुनावी बैतरणी पार करने के लिए समाजवादी पार्टी की साइकिल पर सवार हो गए थे और घोसी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के चुनाव चिह्न पर निर्वाचित हुए थे।
2012 से 2017 तक घोसी विधानसभा क्षेत्र से सपा के विधायक रह चुके हैं सुधाकर सिंह
वहीं, सुधाकर सिंह वर्ष 2012 से 2017 तक घोसी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक रह चुके हैं, जबकि इसके पहले वह मऊ जिले के नत्थुपुर (अब मधुबन) विधानसभा का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। सुधाकर सिंह को घोसी में 2017 में भाजपा के फागू चौहान के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था।
छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर होने हैं उपचुनाव
आगामी 5 सितंबर को उत्तर प्रदेश, त्रिपुरा, केरल, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इनमें त्रिपुरा की दो सीटें और केरल, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की एक-एक सीट शामिल हैं। वोटों की गिनती 8 सितंबर को होगी।