नई दिल्लीःबॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री जया प्रदा को चेन्नई की अदालत ने कई साल पुराने एक मामले में 6 महीने जेल की सजा सुनाई है। साथ ही अदालत ने उन पर पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। बॉलीवुड से राजनीति में कदम रखने वाली जया प्रदा के साथ-साथ उनके दो बिजनेस पार्टनर राम कुमार और राजा बाबू को भी अदालत ने मामले में दोषी पाया है। यह मामला जया प्रदा के एक थिएटर से जुड़ा है। थिएटर के कर्मचारियों ने उनके खिलाफ याचिका दायर की थी।
जानें क्या है मामला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जया प्रदा और उनके बिजनेस पार्टनर ने मिलकर कुछ साल पहले चेन्नई में एक मूवी थिएटर खोला था, लेकिन घाटे के चलते उन्हें इस सिनेमा हॉल को बंद करना पड़ा। थिएटर में काम करने वाले कर्मचारियों ने जया प्रदा पर यह आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था कि उन्होंने कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) की राशि नहीं चुकाई है, जोकि उनकी तनख्वाह से काटी गई थी। इसके बाद लेबर गवर्नमेंट इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ने जया प्रदा और उनके दोनों पार्टनर राम कुमार व राजा बाबू के खिलाफ केस दर्ज किया था। साथ ही जया प्रदा और उनके दोनों बिजनेस पार्टनर के खिलाफ चेन्नई के एग्मोर मजिस्ट्रेट कोर्ट में मामला दाखिल किया था। हाल ही में मजिस्ट्रेट कोर्ट में इस मामले की सुनवाई शुरू हुई थी। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने जया प्रदा और उनके दोनों बिजनेस पार्टनर राम कुमार व राजा बाबू को जेल की सजा सुनाने के साथ-साथ जुर्माना भरने का भी आदेश दिया है।
जया ने कोर्ट से की थी यह अपील
कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, जया प्रदा ने कथित तौर पर अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार करते हुए थिएटर के स्टाफ को बकाया पैसे का भुगतान करने का वादा करते हुए कोर्ट से मामले को खारिज करने का अनुरोध किया था, लेकिन कोर्ट ने उनकी अपील को ठुकरा दिया। साथ ही मामले में उन्हें पांच हजार रुपये के जुर्माने के साथ 6 महीने जेल की सजा सुनाई।
उल्लेखनीय है कि बॉलीवुड में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुकीं जया प्रदा अब राजनीति में सक्रिय हैं। इस समय वह भाजपा जुड़ी हुई हैं। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश के रामपुर से समाजवादी पार्टी की सांसद भी रह चुकी हैं।