Haryana: पूर्व सीएम हुड्डा ने बुलाई विधायक दल की बैठक, मानसून सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी

Haryana Monsoon Session: हरियाणा मानसून सत्र जल्द शुरू होने वाला है। सत्र में सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से जुट गई है। कांग्रेस ने चंडीगढ़ में 16अगस्त को विधायक दल की बैठक बुलाई है। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा विधायक दल की बैठक में नूंह और बाढ़ समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। प्रदेश में मानसून सत्र 25 अगस्त से शुरू हो रहा है।

सरकार को घेरने की तैयारी

इस बैठक में मानसून सत्र पर कांग्रेस रणनीति बनाएगी। नूंह हिंसा, सीईटी, बाढ़ समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी की जाएगी। बता दे कि प्रदेश में 31 जुलाई को नूंह जिले में हिंसा भड़क गई थी।जिसमें दो होमगार्ड समेत करीब आधा दर्जन लोगों की मौत हो गई थी।

गुरुवार को नूंह में हुई सांप्रदायिक हिंसा में शामिल दो आरोपियों को क्राइम ब्रांच की टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों मुस्लिम युवकों पर यात्रा के दौरान हिंदू संगठनों के लोगों पर पत्थर और गोली चलाने का आरोप है। मामले में अब तक करीब 180 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, नूंह थाना क्षेत्र के गांव ग्वारका के रहने वाले मुनफेद और सैकुल मामला दर्ज होने के बाद से ही अपने गांव से फरार हो गए थे। दोनों तावडू क्षेत्र से सटी अरावली पहाड़ी में छिपकर रह रहे थे। क्राइम ब्रांच तावडू के प्रभारी संदीप को जैसे ही दोनों की लोकेशन मिली, उन्होंने ड्रोन की मदद से गुरुवार को अपनी टीम के साथ उन्हें घेर लिया।

पुलिस टीम को अपनी तरफ आता देख दोनों आरोपियों ने राजस्थान की तरफ भागने की कोशिश की, साथ ही भागने के दौरान मुनफेद ने 315 बोर के कट्टे से गोली चलानी शुरू कर दी। इंस्पेक्टर संदीप ने खुद का बचाव करते हुए मुनफेद की जांघ को निशाना बनाकर गोली चलाई। गोली लगते ही वह गिर पड़ा। इसी बीच पुलिसकर्मियों ने सैकुल को भी पकड़ लिया।

मुनफेद को पुलिस निगरानी में नल्हड़ मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, सैकुल को नूंह सदर थाना पुलिस के हवाले किया गया है। मौके से पुलिस ने कट्टा, कई कारतूस और एक बाइक बरामद की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *