पानीपत: हरियाणा के नूंह (Nuh Violence) में विश्व हिंदू परिषद की ब्रज मंडल यात्रा के दौरान हुई हिंसक झड़प में 7 लोगों की मौत हो गई। इस हमले में 2 होमगार्ड सहित मिठाई विक्रेता शक्ति सैनी की हत्या करने के साथ महिलाओं की रक्षा कर रहे पानीपत के नूरवाला निवासी अभिषेक राजपूत (Abhishek Rajput) नाम के बजरंग दल कार्यकर्ता को गोली मार दी गई। उसके बाद उनका गला काटकर सिर को पत्थरों से कूच दिया गया। वहीं अब खबर सामने आ रही है कि अभिषेक की याद में उनके नाम पर शहीदी द्वार बनाया जाएगा जिसके लिए शहरी विधायक प्रमोद विज (Pramod Vij) ने नगर निगम को प्रस्ताव भेजा है।
दरअसल, हिंसा के दौरान महिलाओं की रक्षा के लिए अड़े अभिषेक बजरंगी (Abhishek Bajrangi) की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद उनके परिजनों ने पांच मांगें रखी थी, जिसमें कहा गया था कि अभिषेक को शहीद का दर्जा दिया जाए। परिवार में से किसी एक को सरकारी नौकरी दी जाए। अभिषेक के नाम पर पार्क, मार्ग आदि का नाम रखा जाए। परिवार को एक करोड़ की आर्थिक सहायता दी जाए और आरोपियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। इन्हीं मांगों में एक मांग पर मुहर लगाते हुए प्रमोद विज ने प्रस्ताव भेजा है। इसके साथ ही उन्होंने शहरी विधानसभा से संबंधित 10 प्रमुख प्रस्ताव भेजे हैं एवं निगम अधिकारियों से प्रस्ताव के माध्यम से शहरी विधानसभा में चल रहे कार्यों की रिपोर्ट मांगी है।
MLA द्वारा भेजे गए प्रस्ताव, कई बातों का मांगा जवाब:-
1. वार्ड 17 में FCI की एक बहुत बड़ी जमीन हैं, जमीन पर स्कूल बनाने का विधायक ने प्रस्ताव भेजा है।
2. वार्ड न. 11 में EWS स्कीम न. 63 के स्थान पर राजकीय विद्यालय के निर्माण का प्रस्ताव निगम सदन में पारित हो चुका है। इस विषय में क्या आगामी कार्रवाई की गई है ?
3. वार्ड न. 11 में मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार स्कूल का निर्माण किया जा रहा था। इस पर स्टे लगने के बाद इसकी वर्तमान स्थिति क्या है?
4. नगर निगम द्वारा विकास कार्यों के लिए समय -समय पर निविदाएं आमंत्रित की जाती हैं। यह कार्य सरकार द्वारा निर्धारित HEW Portal के माध्यम से किया जाता है। प्रायः देखा गया है कि ठेकेदारों द्वारा दिए गए टेंडर बार -बार निरस्त किए जाते हैं। इस प्रक्रिया में विकास कार्यों के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलम्ब होता है। सदन को इसके कारण व निदान बताया जाएं।
5. नगर निगम पानीपत द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत कुछ कर्मचारी प्रेरक (motivator) के रूप में अनुबंध के आधार पर रखे गए थे। इन कर्मचारियों की संख्या, नाम, पता एवं मोबाइल न. बताया जाए तथा सदन को यह भी अवगत कराया जाए कि ये क्या कार्य कर रहे हैं ?
6. नगर निगम पानीपत द्वारा बिजली शाखा में 40 कर्मचारी स्ट्रीट लाइट्स के रखरखाव के लिए अनुबंध के आधार पर रखे गए थे| इनके नाम, पता व मोबाइल न. बताया जाए। नगर निगम द्वारा इस वर्ष स्ट्रीट लाइट्स / टावर लाइट्स के रखरखाव के लिए 91.55 लाख रुपये का कार्य ठेकेदार को प्रदान किया गया है| ऐसा होने के उपरांत ये 40 कर्मचारी क्या कार्य कर रहे हैं ?
7. नगर निगम द्वारा वार्ड न. 1 से 26 तक स्ट्रीट लाइट्स / टावर लाइट्स की repair एवं इनको On / Off करने के लिए 91.55 लाख रूपये का कार्य ठेकेदार को दिया गया। नगर निगम की एक रिपोर्ट में इस कार्य को पूर्ण दिखाया गया है, विधायक ने अधिकारियों से पूछा है कि इसके अंतर्गत कौन से कार्य हुए है?
8. किले के नीचे Water Works में माशाखोर व्यापारियों (सब्जी के छोटे खुदरा व्यापारी) के लिए मार्केट का निर्माण अंतिम चरण पर है। मार्केट के निर्माण के पश्चात आवंटन की प्रक्रिया क्या होगी इस हेतु अधिकारियों से जवाब मांगा है।
9. हाली पार्क एवं हाली झील को पूरा करने की अवधि समाप्त होने के बाद भी पार्क और झील अब कब तक चालू क्यूँ नहीं हुए इस हेतु विधायक ने ज़वाब मांगा है।
10. नगर निगम पानीपत में एक Super Sucker मशीन है। इसकी कार्य अवधि समाप्त होने को है जब तक नई मशीन खरीद नहीं ली जाती तब तक दो Super Sucker मशीन किराये पर लेने केआदेश दिए हैं एवं इसके अतिरिक्त Power Rodding मशीन निगम को खरीदने करने के आदेश दिए है। कुछ मशीनों को खरीद करने के लिए निदेशालय को स्वीकृति हेतु लिखे गए पत्रों का भी वितरण मांगा है।