Manish Kashyap News: बेतिया कोर्ट में मनीष कश्यप की हुई पेशी, बिहार लौटने पर समर्थकों ने फूल बरसाकर किया स्वागत

बेतिया:तमिलनाडु में स्थानीय लोगों द्वारा प्रवासी मजदूरों के साथ मारपीट की फर्जी वीडियो प्रसारित करने के आरोप में पिछले 4 महीने से तमिलनाडु के जेल में बंद यूट्यूबर मनीष कश्यप (Manish Kashyap)को आज बिहार लाया गया। बेतिया कोर्ट में पेशी के लिए तमिलनाडु से कड़ी सुरक्षा के बीच कश्यप को बेतिया लाया गया जहां उनके समर्थकों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। कश्यप के बिहार वापस लौटने के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर है।

जानकारी के मुताबिक, मनीष कश्यप सप्तक्रांति एक्सप्रेस से बिहार पहुंचे हैं। इस दौरान उनके समर्थकों का स्टेशन पर जुटान नजर आया। समर्थकों की भीड़ को देखते हुए कश्यप को भारी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। बता दें कि मनीष कश्यप की जिस मामले में पेशी हुई वो 2020 के विधानसभा चुनाव से जुड़ा है। उस वक्त मनीष कश्यप पर चनपटिया से बीजेपी विधायक उमाकांत सिंह के साथ विधानसभा चुनाव के दौरान मारपीट करने और रंगदारी मांगने का आरोप लगा था। इससे जुड़ा केस मझौलिया थाने में दर्ज हुआ था।

गौरतलब है कि बीते कुछ महीने पहले तमिलनाडु में प्रवासी मजदूरों को पीटने का फर्जी वीडियो वायरल किया गया था। इस मामले में पहली नजर में मनीष कश्यप (Manish Kashyap News) को दोषी पाया गया था, जिसके बाद सरकारी कामकाज में बाधा डालने और फर्जी वीडियो प्रसारित करने के आरोप में बिहार पुलिस ने मनीष कश्यप को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं ईओयू की पूछताछ के बाद तमिलनाडु पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर 29 मार्च को अपने साथ ले गई थी। इसी आरोप के कारण फिलहाल मनीष कश्यप तमिलनाडु जेल में बंद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *