यूपी, मध्य प्रदेश और दिल्ली पुलिस को पछाड़ हरियाणा पुलिस ने इस मामले में हासिल किया पहला स्थान

चंडीगढ़:हरियाणा पुलिस ने सभी राज्यों से आगे निकलते हुए लगातार दूसरे महीने अखिल भारतीय स्तर पर जारी नवीनतम अपराध एवं अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क (सीसीटीएनएस) प्रगति रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है। इस वर्ष जून में 100 प्रतिशत अंक के साथ हरियाणा पुलिस ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। यह रैंकिंग हर महीने केंद्र सरकार के एनसीआरबी(राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो) की ओर से जारी की जाती है।

हरियाणा पुलिस ने मई महीने में भी अखिल भारतीय सीसीटीएनएस रैंकिंग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया था। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, एससीआरबी ओपी सिंह ने सीसीटीएनएस परियोजना कार्यान्वयन में शामिल अधिकारियों व पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए बधाई दी है। वहीं, एक बार फिर प्रथम स्थान हासिल करने पर राज्य के पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल ने समस्त पुलिस विभाग की पीठ थपथपाई है। यह प्रणाली डिजिटल तरीके से अपराधियों की ट्रैकिंग और पुलिस जांच को अपनाने से संबंधित है।

उत्तर प्रदेश दूसरे, मध्य प्रदेश तीसरे और दिल्ली पुलिस चौथे स्थान पर

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इंफ्रास्ट्रचर, सीसीटीएनएस डेटाबेस और नेफिस की सभी कैटेगरी में हरियाणा पुलिस ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा राज्य की पुलिस ने कैपेसिटी बिल्डिंग में भी 100 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। राज्य के सभी थाने सीसीटीएनएस से कनेक्ट हो गए हैं। उन्होंने बताया कि एनसीआरबी द्वारा जारी रैंकिंग में हरियाणा पुलिस 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान पर रही। वहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस 99.79 प्रतिशत के साथ दूसरे और मध्य प्रदेश पुलिस 97.57 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रही। इसके अलावा, दिल्ली दिल्ली पुलिस 95.15 प्रतिशत के साथ चौथे एवं पंजाब पुलिस 94.59 प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर रही।

दो माह से लगातार सीसीटीएनएस रैंकिंग में प्रथम स्थान

पुलिस प्रवक्ता ने बताया है कि प्रदेश पुलिस ने विभिन्न मापदंडों जैसे कि कोर्ट में एफआईआर देने, थानों में रिपोर्ट जनरेट करना, कोर एप्लीकेशन सॉफ्टवेयर में गिरफ्तार व गुमशुदा व्यक्ति के फोटो की एंट्री करने में, स्टेट सिटीजन पोर्टल सर्विसेज, थानों का नेशनल डेटाबेस, 1930 हेल्पलाइन का रिस्पांस में पूर्ण अंक प्राप्त किए हैं। हरियाणा पुलिस ने इससे पहले भी फरवरी, मार्च व मई महीने में पहला स्थान और अप्रैल में दूसरा स्थान हासिल किया था। अब पिछले दो माह से लगातार राज्य की पुलिस ने सीसीटीएनएस रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

सॉफ्टवेयर द्वारा स्वतः एंट्री संबंधित पुलिस थाने में जनरेट हो जाएगी

एससीआरबी निदेशक ओपी सिंह ने बताया कि सीसीटीएनएस का 112 से रिवर्स इंटीग्रेशन सफलतापूर्वक कर लिया गया है। हरियाणा सरकार के डिजिटाईजेशन प्लान की तरफ बढ़ते हुए इस योजना का कार्यान्वयन किया गया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही डायल 112 पर कोई शिकायत प्राप्त होती, तुरंत एक ईआरवी घटनास्थल पर जाएगी और सॉफ्टवेयर द्वारा स्वतः एंट्री संबंधित पुलिस थाने में जनरेट हो जाएगी, जिसका डेटा सीसीटीएनएस में दर्ज कर लिया जाएगा। इसके बाद जैसे ही ईआरवी संचालक अपनी रिपोर्ट जारी करेगा, इसकी सूचना संबंधित थाना को प्राप्त हो जाएगी। साथ ही आगामी कार्रवाई तुरंत थाने द्वारा की जाएगी। उन्होंने बताया कि हर 5 मिनट में सर्वर द्वारा 112 व सीसीटीएनएस पर डेटा का आदान-प्रदान होगा, जिससे कि विभिन्न टीमों द्वारा किए जा रहे काम में किसी भी प्रकार का संशय न रहे और जानकारी का आदान-प्रदान तुरंत हो सके।

संबंधित थाना कार्रवाई में न तो ढील नहीं दे पाएगा और न ही बदलाव कर पाएगा

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने बताया कि सॉफ्टवेयर में जनरल डायरी के ऑटो अपडेट होने कि स्थिति में संबंधित थाना कार्रवाई में किसी भी प्रकार की ढील नहीं दे पाएगा और न ही बदलाव कर सकेगा। शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने बताया कि सीसीटीएनएस डेटा को 112 से जोड़ने की रिवर्स तकनीक को स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो की टेक्निकल टीम द्वारा डेवलप किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *