Nitin Desai News: नितिन देसाई आत्महत्या मामले में 5 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज, पत्नी ने लगाया ये आरोप

मुंबई: आर्ट डायरेक्टर आत्महत्या मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। इस मामले में एडलवाइजर ग्रुप और उसकी कंपनी ईसीएल फाइनेंस के अधिकारियों सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। निर्देशक के पत्नी के बयान के आधार पर ECL फाइनेंस कंपनी और एडलवाइजर ग्रुप के पदाधिकारियों पर निर्देशक को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

बता दें कि महाराष्ट्र के रायगढ़ पुलिस ने कला निर्देशक नितिन देसाई को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एडलवाइजर ग्रुप और उसकी कंपनी ईसीएल फाइनेंस के अधिकारियों सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। जिसमें राशेश शाह, एडलवाइस के चेयरमैन केयूर मेहता, स्मित शाह, ईएआरसी कंपनी के आरके बंसल और जितेंद्र कोठारी के नाम शामिल हैं। इस मामले में एक अधिकारी ने कहा कि देसाई की पत्नी नेहा देसाई की शिकायत के आधार पर खालापुर पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 34 (सामान्य इरादा) के तहत पहली सूचना रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

निर्देशक की पत्नी ने लगाया ये आरोप

पुलिस के मुताबिक, देसाई की पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनके पति को उनकी कंपनी द्वारा लिए गए ऋण के संबंध में बार-बार मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा था और उन्होंने इसके कारण आत्महत्या कर ली। वहीं, डायरेक्टर की आत्महत्या के बाद उनका पोस्टमार्टम किया था, जिसकी रिपोर्ट में साफ तौर पर बताया गया था उनकी दम घुटने के वजह से हुई है।

जांच के दौरान पुलिस को मिला था क्लिप

दरअसल, नितिन देसाई आत्महत्या मामले में जुटी पुलिस को निर्देशक के फोन से एक ऑडियो क्लिप मिला था, जिसमें चार लोगों का जिक्र था। देसाई ने आत्महत्या करने से पहले ये ऑडियो रिकॉर्ड किया था जिसे हाथ लगने के बाद पुलिस ने छानबीन शुरु कर दी। वहीं अब क्लिप में जिक्र किए गए लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। जिसमें राशेश शाह, एडलवाइस के चेयरमैन केयूर मेहता, स्मित शाह, ईएआरसी कंपनी के आरके बंसल और जितेंद्र कोठारी के नाम शामिल हैं।

क्लिप में नितिन ने की थी ये बात

जो ऑडियो क्लिप पुलिस के हाथ लगी थी उसमें नितिन ने कहा कि, राशेश शाह एक मधुर बोलने वाले हैं। मगर, उसने उसके स्टूडियो पर कब्जा कर लिया, जिसे मैंने कड़ी मेहनत से बनाया था. मैंने उसे 100 से अधिक बार फोन किया, लेकिन उसने जवाब नहीं दिया।उन लोगों ने138, ईओडब्ल्यू, एनसीएलटी, डीआरटी के माध्यम से मुझे परेशान किया। मेरे पास दो-तीन निवेशक थे, जो निवेश करने के लिए तैयार थे। मगर, उन लोगों ने मदद नहीं की। उन्होंने मुझ पर दोगुना कर्ज चढ़ाया और मुझ पर दबाव डाला। केवल अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए वे अन्य तरीकों से मुझ पर दबाव डाल रहे हैं।

उन लोगों ने मुझे बर्बाद कर दिया

स्मित शाह, केयूर मेहता, आरके बंसल ने मेरे स्टूडियो को हड़पने की कोशिश की। वे मुझे फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। उन लोगों ने मुझे बर्बाद कर दिया है। उन्होंने मुझे पैसे के लिए धमकाया है और मुझ पर दबाव बना रहे हैं। उन लोगों ने मुझे मेरा ऑफिस बेचने को कहा है। वे एक मराठी कलाकार को मारने, बर्बाद करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने एक साजिश रची, मुझे फंसाया और मुझे बर्बाद कर दिया। उन लोगों ने मुझे वो काम करने के लिए मजबूर किया, जिसके बारे में मैंने कभी नहीं सोचा था।

2 अगस्त को की थी आत्महत्या

गौरतलब है कि आर्ट निर्देशक नितिन देसाई ने 2 अगस्त बुधवार को कर्जत के एनडी स्टूडियो में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कल यानी गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया जिसमें संजय लीला भंसाली, आमिर खान सहित फिल्मी जगत के तमात स्टार शामिल हुए। जानकारी के मुताबिक, नितिन देसाई आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। उन्होंने बैंक से 180 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था जो कि ब्याज़ के साथ लगभग 250 करोड़ रुपये हो गया था। देसाई ने जिस कंपनी से कर्ज लिया था उसने वसूली के लिए लीगल कदम भी उठाए थे। सूत्रों के मुताबिक कंपनी ने कलेक्टर को भी पत्र लिखा था और मांग की थी कि वसूली के लिए नितिन देसाई का स्टूडियो जब्त किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *