Alex Hales Announced Retirement: क्रिकेट का महाकुंभ कहे जाने वाले विश्वकप में अभी दो महीने का समय बचा है। विश्वकप से ठीक पहले इंग्लैंड की टीम को जबरदस्त झटका लगा है। टीम के धाकड़ ओपनर बल्लेबाज एलेक्स हेल्स ने 34 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। उन्होंने अपना करियर इंग्लैंड के साथ टी20 विश्वकप विजेता के रूप में समाप्त किया। पिछले साल नवंबर में एमसीजी में आखिरी बार अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए पाकिस्तान के खिलाफ खेला था।
इंग्लैंड के लिए खेलना मेरा सौभाग्य- हेल्स
एलेक्स हेल्स उन कुछ खिलाड़ियों में से एक थे जिनके बारे में अफवाह थी कि वे नेशनल टीम के बजाय फ्रेंचाइजी क्रिकेट को चुनने के बारे में सोच रहे थे। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट से बाहर होने को लेकर पुष्टि की है, इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वह दुनियाभर में शॉर्ट-फॉर्म लीग के लिए उपलब्ध रहेंगे।
हेल्स ने एक बयान में कहा, तीनों प्रारूपों में 156 मौकों पर अपने देश के लिए खेलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मैंने कुछ यादें और कुछ मित्रताएं जीवनभर के लिए बना ली हैं और मुझे लगता है कि अब आगे बढ़ने का सही समय है। अब मैं इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं।
इंग्लैंड की टी-शर्ट में बिताए अपने पूरे समय के दौरान मैंने कुछ उतार-चढ़ावों का सामना भी किया जो मुझे हमेशा याद रहेंगे। ये मेरे लिए एक अविश्वसनीय यात्रा रही है और मुझे बहुत संतुष्टि महसूस हो रही है कि इंग्लैंड के लिए मेरा आखिरी गेम विश्वकप फाइनल जीतना था।
एलिस्टर कुक के साथ ओपनिंग
एलिस्टर कुक के लिए नियमित ओपनिंग पार्टनर ढूंढने के इंग्लैंड के कई प्रयासों में से एक के रूप में हेल्स ने 2015 और 2016 के बीच 11 टेस्ट भी खेले। हेल्स ने अपने बयान में कहा, उतार-चढ़ाव के दौरान मैंने हमेशा अपने दोस्तों, परिवार और निसंदेह विश्व क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ प्रशंसकों से भारी समर्थन महसूस किया है। मैं नॉट्स के लिए खेलना जारी रखने और दुनियाभर में अधिक फ्रेंचाइजी क्रिकेट का अनुभव करने के लिए उत्सुक हूं।