Haryana Weather: राज्य के 20 जिलों में बारिश का अलर्ट, 24 घंटे में आई फ्लू के मिले 701 नए केस

चंडीगढ़: हरियाणा मौसम विभाग ने राज्य के 20 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से दो जिलों में अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की गई है जिसमें पंचकूल और यमुनानगर शामिल है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन दोनों जिलों में 200 एमएम से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। वहीं अन्य 20 जिलों में अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं, जहां हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

इसी के साथ राज्य में आई बाढ़ के कारण फैल रही बीमारियों को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। दरअसल, बीते कुछ दिन से दिल्ली एनसीआर, हरियाणा सहित अन्य कुछ राज्यों में आई फ्लू की संख्या लगातार बढ़ रही है। सिर्फ हरियाणा की बात करें तो बीते 24 घंटे में आई फ्लू के 701 नए केस मिले हैं, अब तक सूबे में 6732 लोगों को आंखों का संक्रमण हो चुका है। लगातार बढ़ रही इस बीमारी को लेकर 12 जिलों के 606 गांवों में अलर्ट जारी किया गया है।

बता दें कि हरियाणा में बाढ़ ग्रस्त इलाकों में बीमार लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। कहीं आई फ्लू तो कहीं फीवर से पीड़ितों की संख्या में इजाफा हो रहा है। 24 घंटे में 428 लोगों में फीवर की पुष्टि हुई है, अब तक सूबे में 11232 लोग फीवर से पीड़ित हो चुके हैं। वहीं, 117 लोगों को गैस संबंधी शिकायत मिली है, जिनकी संख्या अब तक 2769 पहुंच गई है। इसी के साथ स्नेक बाइट के मामले में भी 60 से अधिक आ चुके हैं। 545 लोगों को स्किन संबंधी शिकायत मिली है। बाढ़ ग्रस्त 12 जिलों में अब तक बीमार लोगों की संख्या 44251 पहुंच गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *