भीलवाड़ा: राजस्थान में इन दिनों अपराधियों के हौसले बुलंद है। आए दिन हैवानियत की सीमा पार करने वाली कोई न कोई घटनाएं सामने आ रही है। इस बीच भीलवाड़ा से एक ऐसी खबर सामने आई है जो रोंगटे खड़े कर देने वाली है। दरअसल, कुछ हैवानों ने एक 14 वर्षीय नाबालिग के साथ गैंगरेप कर उसे भट्टी में झोंककर जिंदा जला दिया। मृतका के परिजनों ने उसकी पहचान उसके हाथ में पहने कड़े से की है। वहीं इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस भी स्तब्ध रह गई।
नरसिंह पुरा गांव का है मामला
ये पूरा मामला भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी इलाके में स्थित नरसिंह पुरा गांव का है। जहां एक चौदह साल की बच्ची के साथ हैवानों ने इस कुकृत्य को अंजाम दिया है। कल यानी बुधवार शाम से लापता बेटी को तलाश करने के लिए परिवार के लोग जब गांव के बाहर पहुंचे तो वहां पर एक भट्टी में बेटी जलती हुई मिली। जब उसे निकाल गया तो राख में सनी सिर्फ उसकी हड्डियां ही बचीं थी। मां ने बेटी की पहचान हाथ में पहने जाने वाले कड़े और चप्पलों से की है। इस घटना के बाद गांव में सनसनी मची हुई है। वहीं पुलिस भी अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मवेशी चराने गई थी किशोरी
परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने बताया कि गांव में रहने वाली किशोरी कल दोपहर में अपने मवेशियों को लेकर चराने के लिए गांव से बाहर जंगल में गई थी। वहां जाकर वह शाम तक वापस लौट आती थी। कल शाम मवेशी घर पहुंच गए लेकिन बेटी नहीं आई। काफी देर होने के बाद मां ने बेटी को तलाशना शुरू कर दिया। फिर भी नहीं मिली तो मृतका के पिता को बताया। दोनों मिलकर ढूंढ रहे थे लेकिन रात तक बेटी का पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सवेरा होते ही पुलिस दल भी तलाश में निकल गई। वहीं गांव के बाहर एक खेत में बनी तीन भट्टियों के नजदीक बेटी की चप्पल मिली। माता पिता ने देखा तो भट्टी सुलग रही थी।
गैंगरेप और हत्या का आरोप
पुलिस ने जांच पड़ताल के दौरान सुलग रही भट्टी को बुझाकर देखा तो उसमे किसी की लाश थी जिसे निकाला गया। हालांकि सिर्फ हड्डियां ही बची थी जिसकी पहचान करना थोड़ा मुश्किल था। तभी मां की नजर बेटी के हाथ में पहने चांदी के कड़े पर गया। वहीं भट्टी के बाहर उसके चप्पल भी पड़े थे जिससे उसकी पहचान हो सकी। फिर भट्टी की आग शांत कर उसमें से अवशेष निकाले गए। बेटी की लाश को इस हालात में देखकर मां बेहोश हो गई। मां का आरोप है कि उसकी बेटी के साथ गैंगरेप कर उसकी हत्या की गई है। वहीं अब परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।