Nuh Violence Update: सीएम बोले साजिश, डिप्टी सीएम ने फोड़ा आयोजकों पर ठीकरा, अब तक 116 गिरफ्तार, 41 FIR

Nuh Violence: सोमवार को हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा पर आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। घटना पर सीएम मनोहर लाल (CM Manohar Lal) और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला (Deputy CM Dushyant Chautala) ने अलग-अलग बयान दिए हैं। प्रदेश के मुखिया का कहना है कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रही है। हमें काफी इनपुट मिले हैं।

वहीं, प्रदेश के डिप्टी सीएम (Deputy CM) ने हिंसा को लेकर आयोजकों पर ठीकरा फोड़ा है। डिप्टी सीएम का कहना है कि आयोजकों ने प्रशासन को पूरी जानकारी नहीं दी जिसकी वजह से भीड़ का अंदाजा नहीं लगाया जा सका और हालात तनावपूर्ण बन गए। हिंसा को लेकर सीएम और डिप्टी सीएम दोनों के सुर अलग-अलग है।

नूंह से शुरू हुई थी हिंसा

सोमवार को नूंह (Nuh) में बृज मंडल यात्रा निकाली जा रही थी जिस पर विशेष समुदाय के लोगों द्वारा पथराव किया गया और आगजनी की घटना हुई। इस हिंसा में अब तक 6 लोगों की मौत हो गई। प्रशासन की ओर से 41 एफआईआर दर्ज की गई और 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। प्रदेश सरकार का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। हरियाणा की शांति भंग करने नहीं दी जाएगी।

कई जिलों में फैली हिंसा की आग

बता दे कि, नूंह हिंसा की आग धीरे-धीरे कई जिलों में फैल गई। गुरुग्राम, सोहना के बाद पलवल में भी हिंसा हुई। हिंसा को देखते हुए नूंह और सोहना में मंगलवार को शांति समितियों की बैठक हुई। बैठक में शामिल लोगों ने जिला प्रशासन को शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूरी मदद का भरोसा दिया। उपायुक्त प्रशांत पवार और पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की। एसपी ने समिति के सदस्यों से अभियुक्तों की पहचान करने में मदद करने की अपील की।

अर्धसैनिक बल मौजूद

नूंह में हिंसा के बढ़ते मामले को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अर्धसैनिक बलों को तैनात करने का फैसला किया था। किसी भी तरह की आपातकाल स्थिति से निपटने के लिए (RAF) की 20 कंपनियों के जवान तैनात हैं। हिंसा की घटनाओं के बाद कई जगहों पर धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। मंदिर और मस्जिदों में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस-प्रशासन का कहना है कि वो असामाजिक तत्वों के साथ सख्ती से निपटेगी। गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल समेत पूरे प्रदेश में अलर्ट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *