Pakistan: फातिमा बनी अंजू को पाक के एक बिजनेसमैन ने गिफ्ट किया प्लॉट, घर बैठे सैलरी देने का भी किया वादा

इस्लामाबाद: अपना प्यार पाने के खातिर एक तरफ पाकिस्तान से सरहद पार कर हिंदुस्तान आई सीमा हैदर सुर्खियों में है। तो दूसरी ओर हिंदुस्तान से पाकिस्तान पहुंचीअंजू सुर्खियों में है। जहां सीमा हैदर ने अपने प्रेमी सचिन से शादी कर धर्म परिवर्तन करने का दावा किया है। तो वहीं अंजू ने भी अपने पाकिस्तानी प्रेमी नसरुल्लाह से निकाह कर इस्लाम भी कबूल कर लिया है। धर्म बदलने के साथ अंजू ने अपना नाम बदलकर फातिमा रख लिया है। अब फातिमा (अंजू) को वहां के एक बिजनेसमैन ने प्लॉट गिफ्ट किया है। इसके साथ ही मदद के तौर पर चेक भी सौंपा है। हालांकि चेक में अंकित पैसों का जिक्र नहीं है।

घर बैठे सैलरी देगा पाक स्टार ग्रुप

दरअसल, फातिमा को ये तोहफा पाक स्टार ग्रुप ऑफ कंपनीज के सीईओ मोहसिन खान अब्बासी ने दिया है। वे पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में नसरुल्लाह के घर पहुंचे और भारतीय महिला अंजू उर्फ फातिमा को प्लॉट के कागजात और एक चेक सौंपे। इसके साथ ही उन्होंने फातिमा को अपनी कंपनी में नौकरी देने का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में भारतीय महिला अंजू के दस्तावेजों की कानूनी प्रक्रिया पूरी होते ही उसे पाक स्टार ग्रुप नौकरी भी देगा और साथ ही घर बैठे सैलरी देगा।

पाक सरकार से अब्बासी ने अंजू को सपोर्ट के लिए लगाई गुहार

मोहसिन खान अब्बासी ने कहा कि दूसरे मुल्क से आई महिला ने इस्लाम को अपनाया है। इसलिए हमारी जिम्मेदारी बनती है कि उसको किसी भी तरह की दिक्कत और कोई कमी महसूस न हो। बिजनेमैन अब्बासी ने बताया कि उनकी पाक सिटी कंपनी रियल एस्टेट के क्षेत्र में काम करती है। हमारे बोर्ड मेंबर्स ने तय किया कि अंजू उर्फ फातिमा को शहर में 10 मरला (272.251 वर्ग फीट) साइज का प्लॉट घर के लिए दिया जाए। उन्होंने पाकिस्तान सरकार से भी अंजू और नसरुल्लाह की फैमिली को सपोर्ट करने की गुहार लगाई।

अंजू को ये न लगे की यहां अपना कोई नहीं- अब्बासी

मोहसिन खान अब्बासी ने आगे कहा कि भारत से अपना घर-बार छोड़कर पाकिस्तान आई और मुस्लिम बनी अंजू उर्फ फातिमा को अच्छा महसूस कराने की कोशिश की जाए। उसे कभी यह महसूस न हो कि किस मुल्क में आ गई, या फिर कभी ऐसा न लगे कि कैसे मजहब में आ गई, जहां कोई अपना नहीं।

गौरतलब है कि राजस्थान की रहने वाली अंजू को फेसबुक पर पाकिस्तान के नसरुल्लाह से प्यार हो गया। जिसके बाद अपने प्रेमी से मिलने के लिए अपने दो बच्चों को छोड़कर वो पाकिस्तान चली गई। अंजू के पहले पति ने बताया कि वो घर से ये कहकर निकली थी कि वह जयपुर जा रही है लेकिन वह पाकिस्तान चली गई और वहां जाकर नसरुल्लाह से शादी कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *