में विपक्ष को पटखनी देने के लिए भाजपा ने खास रणनीति तैयार की है। सूत्रों के अनुसार,इस बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) न सिर्फ अपनी पार्टी के सांसदों बल्कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसदों से भी मुलाकात करेंगे और आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
बताया जा रहा है कि राजग सांसदों के 10 अलग-अलग ग्रुप बनाए गए हैं। हर ग्रुप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बैठक करेगा। इस बैठक में शामिल होने वाले सभी सांसद अपने क्षेत्रों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी को जानकारी देंगे। इससे भाजपा को आम चुनाव के लिए रणनीति बनाने में आसानी होगी। संसद के मॉनसून सत्र के दौरान ये मुलाकात हो सकती है, क्योंकि इस दौरान सभी राजनीतिक दलों के सांसद सत्र में शामिल होने के लिए उपस्थित रहते हैं।
हर दिन दो अलग-अलग क्षेत्र के सांसदों की बैठक होगी
भाजपा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि 25 जुलाई से तीन अगस्त के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सांसदों से मुलाकात हो सकती है। हर दिन दो अलग-अलग क्षेत्र के सांसदों की बैठक होगी। पहली बैठक शाम 6.30 बजे और दूसरी बैठक ठीक इसके बाद हो सकती है। पहले दिन उत्तर प्रदेश और नॉर्थ ईस्ट के सांसदों की पीएम मोदी के साथ बैठक हो सकती है। जानकारी के मुताबिक, हर ग्रुप में 35 से 40 सांसद रहेंगे। बैठक में पीएम मोदी के साथ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और राजनाथ सिंह भी मौजूद रह सकते हैं।
सांसदों को कहा गया है अपने कामकाज के बारे में रिपोर्ट तैयार करके लाने को
सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान सांसदों को अपने कामकाज के बारे में रिपोर्ट तैयार करके लाने के लिए कहा गया है। मोदी सांसदों से जमीनी स्तर पर जो काम हुए हैं और क्या हालात हैं उसका फीडबैक लेना चाहते हैं। केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश की पहली बैठक में संजीव बालियान और अजय भट्ट को जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी की तरफ से महासचिव तरुण चुग और सचिव ऋतुराज सिन्हा समन्वय करेंगे।