दिल्ली अध्यादेश और मणिपुर हिंसा पर हंगामे के आसार

नई दिल्ली: संसद का मॉनसून सत्र आज से शुरू हो रहा है। यह सत्र 31 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान मणिपुर हिंसा और दिल्ली अध्यादेश पर हंगामे के आसार नजर आ रहे हैं। विपक्षी गठबंधन (I.N.D.I.A) केंद्र सरकार को इन मुद्दों पर घेरने का मास्टर प्लान बना रही है।

संसद का मॉनसून सत्र शुरू होने से पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को सर्वदलीय बैठक में सभी दलों से जन सरोकारों से जुड़े मुद्दे उठाने और विधेयकों पर सार्थक चर्चा की अपील की। इस सर्वदलीय बैठक में विपक्षी दलों ने मणिपुर की स्थिति के बारे में प्रधानमंत्री मोदी के बयान की मांग की है। सरकार ने संसद सत्र के लिए विपक्ष से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वह हर मुद्दे पर नियमानुसार चर्चा के लिए तैयार है।

सरकार 31 बिल लाएगी

संसद के मॉनसून सत्र में सरकार 31 बिल लाएगी। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच भारी हंगामे की संभावना नजर आ रही है। इस सत्र में मणिपुर हिंसा और दिल्ली अध्यादेश को लेकर विपक्ष केंद्र की मोदी सरकार पर हमलावर हो सकता है। सरकार के इन बिलों में सिनेमैटोग्राफ (संशोधन) विधेयक, पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन, वन संरक्षण कानूनों में संशोधन और दिल्ली सेवाओं पर विवादास्पद अध्यादेश शामिल हैं। इसके अलावा जन विश्वास (प्रावधानों में संशोधन) विधेयक, बहु-राज्य सहकारी सोसायटी (संशोधन) विधेयक, राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन की स्थापना के लिए एक मसौदा कानून को भी संसद में पेश किया जाएगा।
पुराने संसद भवन में ही होगी मॉनसून सत्र


गुरुवार से शुरू हो रहे संसद का मॉनसून सत्र पुराने संसद भवन में ही होगा। 23 दिनों तक चलने वाले इस मॉनसून सत्र में कुल 17 बैठकें होंगी। गौरतलब है कि नए संसद भवन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मई को किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *