नई दिल्लीः मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को 2,741 करोड़ रुपये की राज्य स्तरीय विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने नूंह जिले को 300 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात दी। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि डबल इंजन की सरकार राज्य के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य के प्रत्येक जिले का विकास हो, युवाओं को रोजगार मिले, लोग आत्मनिर्भर बनें इस दिशा में सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्ष 2014 में जब उनकी सरकार बनी थी, उसी दिन से उन्होंने हरियाणा एक-हरियाणवी एक के मूलमंत्र पर चलते हुए पूरे राज्य का समान विकास सुनिश्चित करने का संकल्प लिया था। आज उसी संकल्प को और दृढ़ करते हुए उनकी सरकार ने नूंह जिले में एक राज्य स्तरीय उद्घाटन एवं शिलान्यास समारोह का आयोजन किया और प्रदेशवासियों को लगभग 2,740 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं समर्पित की।
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि आज मेवात में भी विकास तेजी से हो रहा है। पहले लोग मोल लेकर पानी पीते थे, लेकिन अब रेनीवेल का पानी लोगों के घरों में आ रहा है। युवाओं को रोजगार दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बेरोजगारी का गलत प्रतिशत बताकर झूठा प्रचार कर रहे हैं। सच यह है कि हमारी सरकार ने पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार, अपराध और जातिगत राजनीति पर शिकंजा कस दिया है।
हमारी सरकार फिर से बनेगी
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में हम बेहतर काम कर रहे हैं। पोर्टल के जरिए लोगों को लाभ मिल रहा है। साठ वर्ष की उम्र के बाद व्यक्ति को स्वत: पेंशन मिलने लगेगी। उन्होंने कहा कि सरकार परिवार पहचान पत्र से सुविधाओं को जोड़ रही है। सरकार जनता के भरोसे पर खरी उतरी है, इसलिए हमारी सरकार फिर से बनेगी।
किसानों से 31 जुलाई तक जमीन का रजिस्ट्रेशन कराने की अपील
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सरकार किसान को उनकी फसल का लाभ दे रही है। मेरी किसानों से अपील है कि 31 जुलाई तक वे अपनी जमीन का रजिस्ट्रेशन जरूर कराएं, ताकि कोई गलत फायदा नहीं उठा सके। यदि खाली जमीन भी पड़ी है, तो उसको भी रजिस्टर्ड करें।
राज्य के 5,600 गांवों में 24 घंटे मिल रही है बिजली
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए उनकी सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बिजली-पानी और खेती-किसानी से लेकर उद्योग लगाने तक, हर क्षेत्र में लोगों का सहयोग किया जा रहा है। पूरे हरियाणा में 5600 गांवों में 24 घंटे बिजली दी जा रही है। पहले इनकी संख्या 150 थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने सिस्टम को सही किया है। सभी गांवों में 24 घंटे बिजली मिले इसके लिए उनकी सरकार काम कर रही है।
सबका साथ सबका विकास ध्येय के साथ काम कर रही सरकार
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि जनसंवाद पोर्टल के माध्यम से जो समस्या आ रही हैं, अधिकारी उन समस्याओं को तत्काल दूर करें। प्रदेश में धन की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर लगाम कसने से योजनाओं में पैसे कम खर्च होने लगे हैं। कई ऐसे टेंडर हुए जिनमें पहले से कम राशि खर्च की गई और पांच प्रतिशत राशि कम लगी है। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी अपनी चला रहे थे, लेकिन अब उनके क्या हाल हैं यह आप सभी लोगों को पता है। हमारी सरकार सबका साथ सबका विकास पर जोर दे रही है।