लखनऊ: बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन के बेटे अभिषेक बच्चन को लेकर एक खबर कुछ दिनों से तेजी से वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि जूनियर बच्चन आगामी लोकसभा चुनाव में सियासी मैदान में उतरने जा रहे हैं। इस पर अभिषेक बच्चन ने खुद अपनी प्रतिक्रिया देकर सब कुछ साफ कर दिया है।
जब बिग बी उतरे थे सियासी अखाड़े में
हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन ने अभिनय की दुनिया में खूब नाम और शोहरत कमाया। उन्होंने अभिनय की दुनिया के बाद साल 1984 में सियासी अखाड़े में भी अपनी किस्मत आजमाई थी। बिग बी ने इलाहाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था।उन्होंने कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे हेमवती नंदन बहुगुणा को हराया था। हालांकि जल्द ही अमिताभ बच्चन ने राजनीति से दूरी बना ली और एक्टिंग की दुनिया में वापस लौट गए थे। अब अरसों बाद बिग बी के बेटे अभिषेक बच्चन के चुनावी मैदान में उतरने की अटकलें तेज हैं।
जूनियर बच्चन के चुनाव लड़ने की अटकलें तेज
अभिनेता अभिषेक बच्चन के इलाहाबाद संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हैं। खबरों के मुताबिक जूनियर बच्चन समाजवादी पार्टी की टिकट पर चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।हेमवती नंदन बहुगुणा की बेटी रीता बहुगुणा जोशी इलाहाबाद लोकसभासीट से सांसद हैं। कहा जा रहा है कि इतिहास खुद को एक बार फिर से दोहरा सकता है और आगामी चुनाव में अभिषेक बच्चन और रीता बहुगुणा सियासी मैदान में एक-दूसरे के सामने उतर सकते हैं।
अभिषेक बच्चन ने साफ कर दी तस्वीर
सियासी सफर शुरू करने की अटकलों के बीच अभिषेक बच्चन ने इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ साफ शब्दों में कहा है कि ये खबरें गलत हैं क्योंकि वो सबसे अराजनीतिक इंसान हैं।अभिषेक बच्चन ने कहा कि वो अपने माता-पिता के नक्शेकदम पर नहीं चलने वाले। उन्होंने कहा- मुझे नहीं पता कि ये खबरें कहां से उड़ने लगीं। मुझे राजनीति में शामिल होने में कोई दिलचस्पी नहीं है।