चंडीगढ़: हरियाणा में हथिनीकुंड बैराज द्वारा नदी में पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली का हाल तो बेहाल है ही। हरियाणा की स्थिति इससे भी बुरी नजर आ रही है। लगातार हो रही भारी बारिश ने हरियाणा में तबाही मचा दी है। बाढ़ के कारण अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। चार लोग अभी भी गायब हैं। इस बाढ़ ने कई मवेशियों को भी निगल लिया। हजारों लोगों का घर तबाह हो गया लेकिन प्रकृति का कहर अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज भी हरियाणा के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
चंडीगढ़ मौसम विभाग की मानें तो आज उत्तर हरियाणा के चार जिलों में तेज हवा के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। अब तक भयंकर बाढ़ से हरियाणा के 11 जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। इन जिलों में कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, अंबाला, फतेहाबाद, फरीदाबाद, पंचकूला, झज्जर और यमुनानगर शामिल हैं जहां लोगों का जनजीवन बेहाल है।
बता दें कि हरियाणा में प्रकृति ने इस कदर कहर ढाया है कि 854 गांव पानी में समा गया है। लगभग सवा लाख हेक्टेयर में फसलें डूब गई हैं। पिछले 24 घंटे में अन्य 105 गांवों में पानी प्रवेश कर चुका है जिससे 16 हजार 857 हेक्टेयर की फसलें जल में डूब गई। प्रकृति के इस कहर से लोगों को बचाने का कार्य शुरु है। अब तक 3674 लोगों को जलभराव क्षेत्र से निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वहीं अभी भी प्रभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ के साथ सेना के जवानों को राहत एवं बचाव कार्यों में लगाया गया है।