UP: भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर पर हुए हमले के चार आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए हैं। आरोपी हरियाणा के अंबाला से गिरफ्तार किए गए हैं। बताया जा रहा है कि चारों आरोपी अंबाला कोर्ट में सरेंडर करने जा रहे थे। इस दौरान पुलिस ने धर दबोचा। यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का कहना है कि चंद्रशेखर हमारे मित्र हैं और सरकार उन्हें सुरक्षा मुहैया कराएगी।
डिप्टी सीएम बहराइच में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने चंद्रशेखर पर हुए हमले की निंदा की और कहा वह हमारे मित्र है और सरकार उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने जा रही है। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है। किसी को भी कानून हाथ में लेने नहीं दिया जाएगा।
भीम आर्मी चीफ पर यूपी के देवबंद में जानलेवा हमला किया गया था। मामले में एसटीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस ने 4 लोगों को अंबाला के शहजादपुर के एक ढाबा से गिरफ्तार किया है। कहा जा रहा है कि चारों आरोपी पुलिस के साथ साठगांठ करके कोर्ट में सरेंडर करने जा रहे थे।
वहीं, यूपी के डिप्टी सीएम मध्य प्रदेश के शहडोल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किए जा रहे कार्यक्रम में जनपद बहराइच के मोतीपुर से वर्चुअल माध्यम से जुड़े हुए थे। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी के कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि पीएम के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। आज भारत की दुनियाभर में एक अलग छवि बनी है।