पटना: बिहार में शिक्षक बहाली प्रक्रिया में डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग को लेकर आज पटना में शिक्षक अभ्यर्थी सड़क पर उतर आए। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शकारी शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज किया जिसको लेकर भाजपा ने बिहार सरकार की आलोचना की है। बीजेपी ने कहा कि अभ्यर्थियों पर लाठी बरसाना अन्याय है। इसके साथ ही 13 जुलाई को विधानसभा मार्च निकालने का भी ऐलान किया है।
इस मुद्दे पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा किबिहार में महागठबंधन की सरकार आने के साथ ही प्रदेश भ्रष्टाचार और जंगलराज से ग्रसित हो गया है।महागठबंधन की नौ महीने की सरकार में एक भी बहाली नहीं हुई, लेकिन बिहार का युवा अबतक 10 लाख लाठी खा चुका है। इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि महागठबंधन सरकार को शिक्षक बहाली करने की नियत ही नहीं है, आप सिर्फ बरगलाना चाहते हैं।
सिन्हा ने कहा कि बिहार सरकार कोदस लाख सरकारी नौकरी का जवाब देना चाहिए। विधानसभा मार्च का ऐलान करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी अब शिक्षकों के हित में सड़क पर उतरेगी। रोजगार के मुद्दे पर हमलोग महागठबंधन की सरकार को सड़क से लेकर सदन तक घेरेंगे।इसे लेकर 13 जुलाई को विधानसभा मार्च का आयोजन करेगी।
बीजेपी ने शेयर की घायल अभ्यर्थियों की तस्वीर
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर पुलिस की लाठीचार्ज में घायल शिक्षक अभ्यर्थियों की तस्वीर शेयर की है। उनकी तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि क्या रोजगार की मांग कर रहे यह युवा आतंकवादी हैं? बिहार में निर्दयता और अत्याचार की अति हो गई है। अपने जायज मांगों को लेकर सड़कों पर उतरा बिहार का युवा आखिर कबतक लाठी खाएंगे? अब महागठबंधन सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
डोमिसाइल नीति लागू करने की हो रही मांग
उल्लेखनीय है कि बिहार राज्य स्कूल शिक्षक भर्ती 2023 के नियमों में भी बदलाव किया गया। नए नियमावली के तहत अब दूसरे राज्य के पात्र व्यक्ति भी बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षण नौकरियों के लिए आवेदन कर सकता है। सरकार के इसी फैसले के विरोध में आज शिक्षक अभ्यर्थी सड़क पर उतर आए। उनका कहना है कि बिहार सरकार जल्द से जल्द डोमिसाइल नीति लागू करें। इस दौरान पुलिस ने विरोध कर रहे अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज किया जिसमें कई लोग घायल हो गए।