Weather Update: देशभर के कई राज्यों में बारिश बनी लू से जले लोगों के लिए मरहम, लेकिन उत्तराखंड का हाल बेहाल

नई दिल्ली: पिछले एक महीने से देशभर के कई हिस्सों में गर्मी का कहर बरस रहा था। इस बीच मॉनसून (Monsoon)की दस्तक से लोगों को प्रचंड गर्मी और लू से राहत मिली है। बिहार, यूपी, दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक और तेलंगाना में बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। हालांकि उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश अब मुसीबत बन गई है। बता दें कि मौसम विभाग ने आज भी की राज्यों में बारिश के लिए अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में आज यानी गुरुवार सुबह तेज आंधी के साथ बारिश हुई जिसके कारण मौसम सुहाना बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 जुलाई तक ऐसी ही बारिश की संभावना जताई गई है। इसी के साथ हरियाणा और पंजाब में भी पिछले दो दिन से मध्यम बारिश हो रही है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इन राज्यों में आगामी दो दिनों तक तेज आंधी के साथ भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार और यूपी में मौसम का हाल

बात करें बिहार की तो यहां भी मानसून ने दस्तक दे दी है, जिसके कारण मौत का तांडव मचा रहे लू से राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान पटना और इसके आसपास इलाकों में हल्की वर्षा, जबकि मधुबनी, पूर्णिया, सुपौल, अररिया, किशनगंज में भारी बारिश होगी। इसके साथ ही यूपी में भी शुक्रवार से बारिश होगी जिसके लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, कानपुर-लखनऊ समेत 50से अधिक शहरों में बादल छाए रहेंगे।

महाराष्ट्र और कर्नाटक की स्थिति

इसके अलावा अन्य राज्यों की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र में 2 जुलाई तक भारी बारिश होगी। इसके साथ ही 3 और 4 जुलाई को वज्रपात के साथ बारिश की उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं साउथ स्टेट कर्नाटक में तीन जुलाई तक मध्यम बारिश के साथ बादल छाए रहने और 5 जुलाई तक वज्रपात के साथ बारिश की संभावना जताई है।

गुजरात और तेलंगाना का मौसम

इसके साथ ही गुजरात में भी 3 जुलाई तक हल्की बारिश और 4-5 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। गुजरात के अलावा तेलंगाना में आज यानी गुरुवार और शुक्रवार को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, राज्य के कई हिस्सों में तीन जुलाई तक बादल छाए रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही मौसम विभाग के मुताबिक, चार और पांच जुलाई को तेलंगाना के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड में बारिश बनी आफत

पहाड़ी क्षेत्रों की बात करें तो उत्तराखंड में बारिश अब आफत बन गई है। राज्य में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण लैंडस्लाइड जैसी घटनाएं हो रही हैं जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई है। बता दें कि चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के मल्ला नेग्वाड़ में देर रात हुई भारी बारिश से पार्किंग के ऊपर पुस्ता टूट गया। पुस्ता टूटने से इसका मलबा पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पर आ गिरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *