इंफाल: मणिपुर में अमित शाह के दौरे के बाद कई संगठनों ने हथियारों सहित आत्मसमर्पण किया है। इन हथियारों में कई तरह के हाईटैक हथियार हैं। इनमें SLR 29, कार्बाइन, AK, इंसास राइफल, इंसास LMG, M16 राइफल जैसी हाईटेक राइफल्स और ग्रेनेड भी शामिल हैं।
पुलिस ने दी यह जानकारी
मणिपुर पुलिस ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि ज्यादातर जिलों में स्थिति सामान्य है। राज्य में 3 मई को हिंसा भड़की थी। इसके बाद सुरक्षाबलों के करीब 2 हजार हथियार लूटे गए थे।
4 दिन के दौरे पर हैं गृह मंत्री
महीने भर बाद भी जब राज्य में हिंसा नहीं थमी तो गृह मंत्री अमित शाह 29 मई को चार दिन के दौरे पर मणिपुर पहुंचे। गुरुवार को शाह ने मणिपुर में लोगों से कहा था कि अफवाहों पर ध्यान न दें। हथियार रखने वालों को पुलिस के सामने सरेंडर करना होगा।
डीजीपी को हटाया गया
1 जून की शाम अमित शाह के दिल्ली लौटने से पहले राज्य के DGP पी. डोंगल को हटा दिया गया। उनकी जगह राजीव सिंह को राज्य पुलिस की कमान सौंपी गई। शाह ने इसी दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस की और लोगों से हिंसा छोड़कर राज्य में शांति कायम करने की अपील की।
इन समुदायों से मिले शाह
31 मई को शाह ने इंफाल में एक राहत शिविर का दौरा किया। यहां मैतेई समुदाय के लोग रह रहे हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि मणिपुर में जल्द शांति बहाल होगी। जल्द की लोगों की घरों में वापसी सुनिश्चित की जाएगी। शाह ने कुकी समुदाय के संगठनों के साथ भी बैठक की थी। उन्होंने अधिकारियों से कहा था कि मणिपुर की शांति सर्वोच्च प्राथमिकता है। शांति बहाली के लिए जल्द से जल्द कदम उठाए जाएं।