राहुल गांधी के बयान पर मायावती का हमला, बोली कांग्रेस-भाजपा दोनो दोषी

लखनऊ:कांग्रेस नेता राहुल गांधी अमेरिका के दौरे पर हैं। इस दौरान वो लगातार एक के बाद एक बयान दे रहे हैं। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने राहुल गांधी के अमेरिका में दलितों और मुस्लिमों की दशा पर दिए गए बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

कांग्रेस-बीजेपी दोनों दोषी- मायावती

इस समय देश की सियासत गर्माई हुई है। राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी समेत बीएसपी और अन्य पार्टियां भी हमलावर हैं। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कांग्रेस और बीजेपी को आड़े हाथों लिया है। बसपा सुप्रीमो ने कहा है कि देश में दलित व मुस्लिम समाज के लोगों की दयनीय दशा एक कड़वी सच्चाई है और इसके लिए कांग्रेस, भाजपा व अन्य पार्टियां सभी दोषी हैं।

मायावती ने ट्वीट करते हुए लिखा, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष द्वारा अमेरिकी दौरे में भारत के करोड़ों दलितों व मुस्लिम समाज की दयनीय दशा एवं उनके जान-माल, मजहब की असुरक्षा आदि के बारे में दिया गया बयान ऐसी कड़वी सच्चाई है जिसके लिए केन्द्र में कांग्रेस, बीजेपी व अन्य पार्टियों की रही सरकारें पूर्ण रूप से दोषी हैं।

गरीबों व वंचितों पर हर स्तर पर अन्याय-मायावती

मायावती ने आगे कहा कि देश में यूपी सहित अन्य राज्यों में कांग्रेस की सरकार हो या बीजेपी अथवा सपा की, बहुसंख्यक बहुजन समाज के गरीबों व वंचितों पर हर स्तर पर अन्याय-अत्याचार व शोषण आम बात है, जबकि यूपी में केवल बीएसपी की रही सरकार में कानून द्वारा कानून का राज स्थापित करके सबके साथ न्याय किया गया।साथ ही, राजनीतिक व चुनावी स्वार्थ हेतु अनवरत व अनगिनत साम्प्रदायिक दंगों व जातिवादी घटनाओं के काले अध्यायों से इतिहास भरा है, जिसके लिए आरोप-प्रत्यारोप होते हैं, किन्तु इन कारणों से इन वर्गों के लोग अपना हितैषी संविधान होने के बावजूद लगातार शोषित-पीड़ित व लाचार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *