अजमेर: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के कई क्षेत्रों में ताबड़तोड़ रैलियां की हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। पीएम ने अजमेर की रैली के जरिए कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री की इसी रैली के साथ ही भाजपा ने देशभर में चलाए जाने वाले महाजनसंपर्क अभियान के साथ ही राजस्थान विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत की दी है।
8 लोकसभा सीटों पर की रैलियां
पीएम की अजमेर में सभा का असर प्रदेश की आठ लोकसभा क्षेत्रों की 64 में से 45 विधानसभा सीटों पर देखने को मिलेगा। इन 45 सीटों में से भाजपा के पास सिर्फ 20 सीटें हैं। बाकी की 25 सीटों में से 20 कांग्रेस, 2 राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) और 3 सीटें निर्दलीयों के कब्जे में हैं।
पिछली बार मिली थी 19 सीटें
पीएम मोदी का आठ माह में यह छठा राजस्थान दौरा है। मई की 10 तारीख को उन्होंने सिरोही के आबूरोड में सभा की थी। इस सभा के जरिए मोदी ने दक्षिणी राजस्थान के सिरोही, जालौर और पाली सहित आसपास के जिलों की 26 सीटों को साधा था। दक्षिण राजस्थान का यह इलाका भाजपा के लिए मजबूत माना जाता है। यहां की 26 में से पिछली बार भाजपा ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
कांग्रेस के मुस्लिम वोट बैंक पर है निशाना
भाजपा पीएम की इस रैली के जरिए इस क्षेत्र में अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटी हुई है। अजमेर में कांग्रेस नेता सचिन पायलट की स्थिति मजबूत है। इसके अलावा गहलोत के करीबी माने जाने वाले रघु शर्मा की अजमेर में मजबूत पकड़ बताई जाती है। अजमेर में भाजपा कांग्रेस पर सीधा हमला कर पाए, लिहाजा पीएम की सभा अजमेर में करवाई जा रही है।