नई दिल्ली: मध्यप्रदेश में तीन दिनों से बारिश का कहर जारी है। पहले जहां प्रचंडगर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल था वहीं अब एमपी के कई शहरों में तेज आंधी और बारिश लोगों के लिए आफत बन रही है। बता दें कि कल यानी रविवार शाम उज्जैन में अचानक आई आंधी-बारिश से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं उज्जैन स्थित महाकाल लोक की 6 मूर्तियां भी तेज आंधी के कारण गिरकर टूट गई। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली सहित 21 राज्यों में आज बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग को मुताबिक, आज दिल्ली-NCR में आंधी (Thunderstorm) के साथ बारिश (Rain) हो सकती है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, केरल में भी तेज आंधी और तूफान के साथ बारिश की उम्मीद जताई है। इसके अलावा आईएमडी ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और यूपी में आंधी, बारिश और ओले गिरने (Hailstorm) को लेकर ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) भी जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, तेज बारिश और आंधी के साथ कुछ जगहों पर वज्रपात भी हो सकता है।
मौसम विभाग का मानना है किएक नया पश्चिमी विक्षोभ 29 मई से उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।जबकि एक चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर स्थित है और निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में मध्य प्रदेश तक एक ट्रफ चल रही है।इसीलिए मध्यप्रदेश में आज भी आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, ओडिशा, विदर्भ, केरल और माहे, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गंगीय पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, पंजाब, गुजरात, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल और लक्षद्वीपमें गरज और आंधी के साथ बारिश के आसार हैं।