श्रीनगर में 21 से शुरू होगा जी20 सम्मेलन, सुरक्षा के किये गए कड़े इंतज़ाम

श्रीनगर: कश्मीर में जी 20 सम्मेलन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किये जा रहे हैं। उन इलाकों में सुरक्षा बधाई गई है जहाँ अल्पसंख्यक समुदाय की संख्या ज्यादा है। अल्पसंख्यक समुदाय से संबंधित ग्रामीण इलाकों में सेना ने रात्रि गश्त बढ़ा दी है। साथ ही जगह-जगह नाके लगा कर लोगों एवं वाहनों की तलाशी ली जा रही है।

21 से 23 तक चलेगा सम्मेलन

तीसरी जी-20 पर्यटन कार्य समूह की बैठक 21 से 23 मई तक श्रीनगर में आयोजित की जाएगी। जैसे-जैसे सम्मेलन की तारीख नज़दीक आती जा रही है वैसे ही सुरक्षा व्यवस्था को ज़मीनी स्तर पर और पुख्ता किया जा रहा है।

यहां होगा सम्मेलन

विश्व प्रसिद्ध डल झील के किनारे स्थित शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कांफ्रेंस सेंटर (एसकेआईसीसी) जहां मुख्य बैठक होनी है, उसके आसपास सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। समय-समय पर जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के गश्ती दलों द्वारा सिक्योरिटी ड्रिल अंजाम दी जाती है, जिसमें यह सुनिश्चित किया जाता है कि कहीं कोई विस्फोटक तो नहीं रखा गया है।

सीआरपीएफ की गई तैनात

इसके अलावा श्रीनगर शहर में सीआरपीएफ के क्यूएटी (क्विक एक्शन टीम) की विशेष दस्ते गश्त भी करते हैं और अचानक से छोटे से क्षेत्र को घेरे में लेते हुए रैंडम सर्च चलाया जाता है। इस बीच सूत्रों के अनुसार उन सभी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता कर दी गई है, जहां अल्पसंख्यक (कश्मीरी पंडित, सिख, हिन्दू, आदि) रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *