शाहबाज सरकार का सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ प्रदर्शन, नेशनल असैंबली में भी हुआ विरोध

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में हालत दिन प्रति दिन खराब होते जा रहे हैं। इमरान खान को रिहाई देने पर शाहबाज सरकार सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ आज बड़ा धरना देने जा रही है। इसके लिए सत्ताधारी गठबंधन दल पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (PDM) के हजारों कार्यकर्ता सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुके हैं।

पूरे देश में लागू है धारा 144

धारा 144 लागू होने के बावजूद गठबंधन में हिस्सेदारी रखने वाले जमात उलेमा-ए-इस्लाम फजल (JUI-F) के कार्यकर्ता गेट से कूदकर सुप्रीम कोर्ट में घुसने लगे। इन्होंने पुलिस के बनाए रेड जोन को भी तोड़ दिया।

सरकार हुई सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ

डिफेंस मिनिस्टर ख्वाजा मोहम्मद आसिफ पाकिस्तान की नेशनल असैंबली में सुप्रीम कोर्ट पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा- पहले सुनते थे कि पर्चे लीक होते हैं। अब सुनते हैं कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले भी लीक हो रहे हैं। आप इंसाफ के लिए बैठे हैं, किसी की मदद के लिए नहीं। डिफेंस मिनिस्टर ने इमरान को रिहा करने वाले 3 जजों के बारे में कहा कि सारी बेंचों पर यही तीन मसखरे बैठे मिलते हैं।

चीफ जस्टिस के खिलाफ बनेगी कमेटी

डिफेंस मिनिस्टर ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि चीफ जस्टिस अमर अता बंदियाल के इमरान को रिहा करने के फैसले की जांच के लिए एक संसदीय कमिटी बननी चाहिए। इस बीच इमरान खान की पत्नी बुशरा बेगम ने अल कादिर ट्रस्ट केस में बेल के लिए लाहौर हाईकोर्ट में अर्जी दायर की है। इसके लिए बुशरा खुद कोर्ट पहुंचेंगी।

यह बोले इमरान खान

पाकिस्तान में 9 मई को हुई पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद वहां सियासी हंगामा जारी है। इमरान खान ने सोमवार को अपनी पत्नी बुशरा बेगम की गिरफ्तारी की आशंका जाहिर की है। सोशल मीडिया हैंडल पर खान ने देर रात लिखा कि सरकार बुशरा बेगम को गिरफ्तार कर मुझे नीचा दिखाना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *