जयपुर:कांग्रेस के दिग्गज नेता और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज अपना 72वां जन्मदिन मना रहे हैं। राजनीति में उन्हें 4 दशक से ज्यादा हो गए हैं। अपने 46 साल के राजनीतिक करियर में अशोक गहलोत तीसरी बार राजस्थान के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस दौरान वो तीन बार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, तीन बार कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव, और तीन बार केंद्रीय मंत्री के पद पर रह चुके हैं।
कांग्रेस हाईकमान को गहलोत पर भरोसा
अशोक गहलोत राजस्थान की राजनीति के धुरी माने जाते हैं। यही वजह है कि कांग्रेस हाईकमान उनको तीन बार राजस्थान के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंप चुकी है। जब भी लोकसभा और विधानसभा चुनाव होते हैं तो कांग्रेस आलाकमान अशोक गहलोत को वहां चुनाव प्रचार के लिए जरूर भेजते हैं। पार्टी कार्यकर्ता उनकी बात सुनते हैं और उसे चुनावी मैदान में उपयोग भी करते हैं। हालांकि पिछले कुछ समय से अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलटके बीच खींच-तान देखी गई है। जिसके चलते कांग्रेस हाईकमान को हर बार दोनों के बीच के विवाद को सुलझाना पड़ा
पीएम मोदी ने दी बधाई…
सीएम अशोक गहलोत के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी। उन्होंने ट्वीट करके लिखा, राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद मिले। पीएम मोदी के अलावा राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी अशोक गहलोत को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।