नई दिल्ली: देश में पिछले कुछ महीनों में कोरोना के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा था, जिसने लोगो की चिंता बढ़ा दी थी, लेकिन अब कोरोन संक्रमण के मामलों में कमी देखने को मिल रही है। कोरोना के कम होते मामलों से लोगो में थोड़ी राहत नजर आ रही है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 4283 मामले सामने आए हैं।
कोरोना ने पिछले लगभग तीन सालों से मानव जीवन पर बुरी तरह प्रभाव डाला है। साल 2020 में कोरोना महामारी ने दुनिया में जमकर तबाही मचाई। कोविड-19 के चपेट में आकर लाखों लोगो ने अपनी जान गंवा दी। कोरोना महामारी की वजह से दुनिया भर के देशों को भयंकर आर्थिक संकट से जूझना पड़ा। 2 साल बाद हालात सामान्य हो ही रहे थे कि पिछले कुछ महीनों में कोरोना ने फिर से पैर पसारना शुरू कर दिया। कोरोना के बढ़ते मामलों ने लोगो के साथ-साथ सरकार की भी चिंता बढ़ा दी थी।
देश में अप्रैल महीने में कोरोना के मामले लगातार बढ़ने लगे थे। कुछ दिनों तक लगातार कोरोना के 10 हजार से ज्यादा मामले सामने आए। हालांकि स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक अब कोरोना महामारी के नए मामलों में गिरावट आ रही है। पिछले 24 घंटे में रिकवरी मरीजों की संख्या में इजाफा देखा गया है। पिछले एक हफ्ते में कोरोना के नए मामलों की संख्या 10 हजार से नीचे आ गई है। वहीं सोमवार को कोविड के 4 हजार 283 नए केस दर्ज किए गए हैं।
रिकवरी रेट में बढ़ोत्तरी
वहीं कोरोना मरीजों की रिकवरी रेट में भी बढ़ोत्तरी हो रही है। पिछले 24 घंटे में जहां 4283 नए केस सामने आए तो वहीं 6037 कोविड के मरीज ठीक भी हुए हैं हेल्थ डिपार्टमेंट की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक देश में कुल 4,43,70,878 लोग कोरोना वायरस से ठीक हो चुके हैं। साथ ही इसका रिकवरी रेट भी 98.71 प्रतिशत है।