नई दिल्ली: एशिया कप 2023 (Asia Cup 2023)को लेकर विवाद अभी तक जारी है। इसके वेन्यू को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक सहमति नहीं बन पाई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच मामला सुलझता नहीं दिख रहा है। पीसीबी ने पहले हाईब्रिड मॉडल के तहत एशिया कप को कराने की बात कही थी। अब बीसीसीआई ने पाकिस्तान की जिद की वजह से नए तरीके से टूर्नामेंट कराने की योजना तैयार की है।
इस साल एशिया कप के आयोजन की मेजबानी पाकिस्तान को मिली। जिसपर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने पहले ही साफ मना कर दिया कि, भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान नहीं जाएंगे। बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने सुरक्षा के मद्देनजर इंडियन टीम को एशिया कप खेलने के लिए पाकिस्तान ना भेजने का फैसला लिया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच इस मामले को लेकर काफी विवाद हो गया। पाकिस्तान अपनी जिद पर अड़ा है कि बाकी टीमों की तरह भारत को भी पाकिस्तान आना चाहिए।
इस मामले पर पीसीबी के तत्कालिक चेयरमैन रमीज राजा ने काफी बड़े-बड़े बयान दे डाले थे। उन्होंने यहां तक कह दिया था कि इसी साल भारत में होने वनडे वर्ल्ड का बहिष्कार करेगें। रमीज राजा की पीसीबी से विदाई के बाद नए चेयरमैन नजम सेठी ने मामले पर सफाई देते हुए एक बयान जारी किया था। उन्होंने कहा था कि रमीज की बात का मतलब एशिया कप से था ना कि आईसीसी के किसी भी टूर्नामेंट के बहिष्कार और उसमें हिस्सा लेने से।
रद्द हो जाएगा एशिया कप ?
एशिया कप के वेन्यू को लेकर बीसीसीआई सचिव जय शाह और पीसीबी चेयरमैन नजम सेठी के बीच कई दौर की बैठक हो चुकी है। बीसीसीआई ने एशिया कप को पाकिस्तान की बजाय किसी और देश में कराने की बात कही। इसपर पाकिस्तान बोर्ड हमेशा ऐतराज जताता रहा। पीसीबी ने राग अलापते हुए कहा कि भारत को पाकिस्तान आने में दिक्कत क्या है, बाकी देशों के खिलाड़ी भी हमारे धरती पर आकर मैच खेलने को तैयार हैं। तो भारतीय टीम क्यों नहीं आ सकती ? दोनों देशों के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने एशिया कप को पाकिस्तान की जगह श्रीलंका, यूएई, दुबई जैसे किसी न्यूट्रल वेन्यू पर कराने की बात कही। बावजूद इसके नतीजा यह रहा कि एशिया कप के वेन्यू पर अब तक कोई फैसला नहीं हो सका। अब खबरें ये आ रही हैं कि पाकिस्तान की जिद की वजह से एशिया कप 2023 टूर्नामेंट को रद्द किया जा सकता है।
BCCIका एशिया कप कराने का नया फॉर्मूला
बताया जा रहा है कि एशिया कप के रद्द होने की खबरों के बीच बीसीसीआई ने इसके आयोजन का नया फॉर्मूला खोज लिया है। जानकारी के अनुसार बीसीसीआई 5 देशों के एक टूर्नामेंट को एशिया कप के विंडो में कराने की योजना बना रहा है।जिसे एशिया कप के पहले के शेड्यूल पर ही आयोजित किया जाएगा।