नई दिल्ली:आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो शो मन की बात (Mann Ki Baat)का 100वां एपिसोड है। आज सुबह 11 बजे ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन पर इस कार्यक्रम का 100वां एपिसोड प्रसारित किया जाएगा। इस दिन को ऐतिहासिक बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी तैयारियों में लगी हुई है।
23 करोड़ लोग हर महीने सुनते हैं मन की बात
मन की बात का सबसे पहला एपिसोड 3 अक्टूबर 2014 को प्रसारित किया गया था। उसी साल भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव जीतकर केंद्र की सरकार बनाई थी। तब से पीएम मोदी का यह रेडियो कार्यक्रम हर महीने के आखिरी रविवार को सुबह 11 बजे प्रसारित होता है। IIM रोहतक की एक स्टडी के अनुसार100 करोड़ लोग कम से कम एक बार मन की बात कार्यक्रम को सुन चुके हैं। जबकि 23 करोड़ लोग इस शो को हर महीने सुनते हैं।
2150 जगहों पर 100वें एपिसोड को सुनवाने का इंतजाम
मन की बात की 100वें एपिसोड को खास बनाने के लिए बीजेपी पार्टी ने खास तैयारियां की हैं। मन की बात के इस खास एपिसोड को सुनने के लिए ज़्यादा से ज़्यादा लोगों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। जानकारी के अनुसार बीजेपी के सांसद करीब 1000 लोग के साथ बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम मन की बात को सुनेंगे। इसके अलावा बीजेपी के अल्पसंख्यक मोर्चा ने देशभर में 2150 जगहों पर मन की बात के 100वें एपिसोड को सुनवाने का प्रबंध किया है। इसके जरिए करीब 4-5 लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है।