Delhi: शनिवार को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल जंतर मंतर पहुंचे। केजरीवाल ने पहलवानों के धरने को समर्थन दिया।सीएम केजरीवाल ने जंतर-मंतर से कहा कि, सभी लोग छुट्टी लेकर आओ और इन पहलवानों का साथ दो। इन बच्चों ने देश का नाम इसलिए थोड़े ही रोशन किया था कि उन्हें इस तरह की परेशानी झेलनी पड़ जाए।
पहलवानों को समर्थन दो- केजरीवाल
जंतर मंतर पर पहलवानों से बातचीत करने के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एक एफआईआर के लिए पहलवानों को सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ गया। जो-जो लोग इस भारतवर्ष से प्यार करते हैं, मैं अपील करता हूं कि छुट्टी लेकर यहां आओ, इनके साथ खड़े हो। पहलवानों ने पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन किया है।
मैं और मेरा परिवार परेशान- बीजेपी सांसद
बता दे कि, कुश्ती संघ के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों के यौन शोषण के आरोपों के बाद पॉक्सो एक्ट समेत दो मामलों में केस दर्ज हो गया। केस दर्ज होने के बाद उन्होंने शनिवार को कहा- मैं अपराधी बनकर इस्तीफा नहीं दूंगा। मुझे सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा है। मुझे किसी भी तरह से कोई शिकायत नहीं है। मैं पूरी तरह से निर्दोष हूं।
बीजेपी सांसद ने कहा कि मुझे जहां भी जांच एजेंसी बुलाएगी, मैं जाने को तैयार हूं। उन्होंने कहा कि लगातार कई महीने से मुझ पर आरोप लग रहे हैं। मैं और मेरा परिवार कष्ट में है। मैं चाहता हूं कि इस मामले में जल्द से जल्द जांच हो। इन लोगों के बयान लगातार बदलते रहते हैं।