कलकत्ता: पश्चिम बंगाल हिंसा मामले में ममता बैनर्जी के बयान पर स्मृति ईरानी ने निशाना साधा है। स्मृति ने ममता बनर्जी पर जुलूस के दौरान पथराव करने वालों को क्लीन चिट देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा सवाल यह है कि ममता कब तक हिंदू समुदाय पर हमले करती रहेंगी।
यह बोली स्मृति
स्मृति ईरानी ने आगे कहा कि यह पहली घटना नहीं है जो ममता के कार्यकाल में हुई है। इससे पहले 2022 में लक्ष्मी पूजा पर जब दलित पूजा कर रहे थे तो उन पर हमला किया गया था। उस समय भी वह चुप थीं। दरअसल, रामनवमी के जश्न के बीच हावड़ा में दो गुटों के बीच हुई झड़प में कई वाहनों में आग लगा दी गई थी।
अमित शाह ने की राज्यपाल से बात
रामनवमी समारोह के दौरान हावड़ा में हुई हिंसा के बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने शुक्रवार (31 मार्च) को आपराधिक जांच विभाग (CID) को जांच सौंपी। पुलिस महानिरीक्षक, सीआईडी सुनील चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने जांच शुरू की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी पहले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस से बात की और हावड़ा में हिंसा भड़कने की स्थिति का जायजा लिया था।
मामले में लगातार हो रही है बयानबाजी
पश्चिम बंगाल बीजेपी प्रमुख ने शुक्रवार (31 मार्च) को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर रामनवमी समारोह के दौरान हावड़ा में हुई हिंसा की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से जांच कराने की मांग की थी। इस हिंसा के बाद से टीएमसी और बीजेपी के नेता एक दूसरे पर लगातार बयानबाजी कर रहे हैं।